Snacks - Recipes लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Snacks - Recipes लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

पानीपूरी(गोलगप्पे) - Panipuri(Golgappe)

पानीपूरी का नाम सुनते ही मुँह में पानी आ जाता है। इसकेऔर बहुत कई नाम हैं जैसे कि गोलगप्पा फुलकी, पुचका, गुपचुप बताशा आदि। पानीपूरी का टेस्ट लगभग हर किसी को पसंद आता है। बाजार में लगभग हर गली में पानीपूरी मिल ही जाता है, लेकिन इस समय लॉकडाउन की वजह से बाजार बन्द है जिसके कारण पानीपूरी का मजा नहीं लें पा रहे हैं तो क्यों न घर पर ही पानीपूरी बना लिया जाए? पानीपूरी बनाने में समय थोड़ा ज्यादा लगता है। इसको आसान करने के लिए पूरी (गोलगप्पे) एक दिन पहले ही बना ले बाकी की तैयारी दूसरे दिन करें। चलिए शुरु करते हैं पानीपूरी बनाना 

सामग्री  Ingridrient
गोलगप्पे(पूरी) के लिए  For  Golgappa
1 कप सूजी
1/4 कप आटा
तलने के लिए तेल
आलू मसाला के लिए  For Aaloo Masala
2-3 आलू
1/4 कप काले चने भिगे हुए
1/2 टीस्पून भुना जीरा पाउडर
1/4 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर
1/4 टीस्पून अमचूर पाउडर
1/4 टीस्पून नमक
मटर रगडा के लिए  For Matar Rgada
1/2 कप सफेद मटर
1/4 टीस्पून हल्दी पाउडर
1/4 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर
1/2 टीस्पून जीरा पाउडर
1 पिंच हींग
1 टीस्पून तेल
1/4 टीस्पून नमक
2-3 कप पानी
पानी के लिए  For Pani
50 ग्राम आम की सुखी खटाई
6-7 हरी मिर्च
1 इंच अदरक का टुकड़ा
1/2 कप हरा धनिया
1/4 कप पुदीना के पत्ते
2 टीस्पून काला नमक
1/4 टीस्पून सफेद नमक
1 टीस्पून भुना जीरा पाउडर
1 पिंच हींग
बनाने की विधि  Method

गोलगप्पे (पूरी) Golgappe
सबसे पहले किसी गहरे बर्तन में सूजी और आटा को छान लें। इसे अच्छे से मिक्स कर लें फिर इसमें थोड़ा- थोड़ा पानी डालकर मसलते हुए थोड़ा कड़ा आटा गूंथ लें। इसे 30 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि आटा अच्छी तरह से सेट हो जाए ।
30 मिनट के बाद फिर से आटे को मसल लें। अब गोलगप्पे बनाने के लिए आटे से छोटी- छोटी लोईयां तोड़ लें। एक -एक लोई को लेकर चिकना करके गोल- गोल पूरी बेल लें पूरी चपाती से थोड़ा पतली ही रखें। पूरी पर बेलन एकसमान ही चलायें वरना गोलगप्पे फूलेगी नहीं।इसे किसी सूती कपड़े पर या किसी प्लास्टिक की सीट पर रखते जायें और एक सूती कपड़े को गीला करके अच्छी तरह से निचोड़ लें। उसीसे ढक दें। इसी तरह से सारे पूरियां बेल कर तैयार कर लें।  इसे 15 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें। 
अब एक कडाही में तेल डालकर गरम करें जब तेल गरम हो जाए तो गैस कम कर दें एक पूरी को तेल में डालें। इसे कलछी से हिलाते हुए इस पर तेल डालते हुए हल्का सा दबा दें ताकि गोलगप्पे फूल जाये इसी तरह से और पूरी भी डाल दें। एक बार में 4-5 या जितनी आपकी कडाही में आ सके उतनी ही डालें इन्हें गोल्डन व कुरकुरा होने तक तलें। इन्हें जाली सहित किसी प्लेट पर रखे ताकि अतिरिक्त तेल प्लेट पर आ जाये इसी तरह से बाकी बची पूरियां भी तल कर निकाल लें। 
इसे ठंडा होने के लिए 2-3 घंटे खुले ही छोड़ दें। अब इसे किसी एअर टाइट कन्टेनर में भरकर रख दें। जब आपका पानीपूरी खाने का मन करे तब आलू मसाला व तीखा पानी बनाये और पानीपूरी का मजा लें। 
आलू मसाला बनाये  Aaloo masala
2-3 आलू व मिले हुए मिले हुए काले चने को कुकर में 3 सीटी आने तक उबाल लें। अब आलू को छिलकर मैश कर लें। इसमें उबले चने नमक, भूना जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर,चाट मसाला डालकर मिला लें। पूरी में भरने के लिए तैयार है। 
मटर रगडा (मटर के छोले ) बनाये  Matar Ragda
मटर को रातभर पानी में भिगो दें मटर फूलने के बाद इसे धोकर कुकर में डालें। इसमें दो कप पानी, नमक, तेल और हींग डालकर ढक्कन बंद करके गैस पर चढा दें। मीडियम आंच पर एक सीटी आने दें। इसके बाद धीमी आंच पर 15 मिनट तक और पकाएं जब प्रेशर खत्म हो जाए तब ढक्कन खोलकर चैक कर लें कि मटर अच्छे से पक गये हैं या नहीं अगर पानी कम है तो और पानी डाल दें। इसमें लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर डालकर 5 मिनट और पका लें। मटर पूरी तरह से गल जाना चाहिए मटर को कलछी से थोड़ा मैश करते हुए चला लें। आपका मटर रगडा तैयार है पर पूरी में भरने के लिए। 
पानी बनाये  Pani
आम की खटाई को मिक्सी के जारी में डालकर पिस लें। इसे छलनी में छानकर रेशे को अलग कर दें। फिर हरी मिर्च, पुदीना, अदरक व हरा धनिया को थोड़ा पानी डालकर पिस लें। अब एक गहरे बर्तन में खटाई का पेस्ट हरी मिर्च वाला पेस्ट काला नमक, सादा नमक भुना जीरा पाउडर चाट मसाला और 1 लीटर ठंडा पानी डालकर मिक्स कर लें। इसे ठंडा होने के लिए फ्रीज में रख दें। या तुरंत सर्व करे। आप चाहे तो थोड़ा सा बुंदी भी डाल सकती है।  पानी का स्वाद और अच्छा आये इसके लिए पानी 2-3 घंटे पहले ही बना लें। 
अब पानीपूरी सर्व करने की तैयारी करेंगे। इसके लिए पूरी मे अंगुठे से थोड़ा सा छेद करके इसमें आलू मसाला,मटर व कटे हुए प्याज डाल कर पानी में डुबो कर तीखे व चटपटे पानीपूरी का मजा ले। 

 सुझाव
गोलगप्पे का आटा न बहुत कड़ा और न ही बहुत नरम होना चाहिए। 
आप चाहें तो गोलगप्पे बनाने के लिए बड़ा लोई लेकर एक बड़ी पूरी बेले। इसे किसी ढकन या कटर से छोटी छोटी पुरिया काट ले। 
आलू मसाला या मटर रगडा मे से कोई एक ही बनाये या दोनों आपकी मर्जी। 
पानी मे आम की खटाई की जगह अमचूर पाउडर या नीबू या जलजीरा डाल सकती है। 
हरी मिर्च को अपने हिसाब से कम या ज्यादा कर सकती है। 

समोसा


समोसा भारत का एक लोकप्रिय स्नैक्स व स्ट्रीट फूड है, जो कि हर गली के दुकान व ठेले पर आसानी से मिल जाता है. इसे मीठी व तीखी दोनों तरह की चटनी के साथ खाया जाता है. कहीं समोसा जलेबी के साथ मार्निंग नाश्ता में खाया जाता है, तो कहीं चाय के साथ शाम के नाश्ते के रूप में खाया जाता है. लाॅकडाउन में दुकानें बंद हैं तो क्यों न घर पर ही समोसा बना लिया जाये? समोसा बनाना आसान है, तो चलिए शुरु करते हैं समोसा बनाना.
समाग्री
बाहरी परत के लिए 
2 कप मैदा(250 ग्राम) 
1/4 टीस्पूनअजवाइन
4 टेबल स्पून मोयन के लिए तेल
1/2 टीस्पून नमक
स्टफिंग के लिए
4 उबले हुए आलू(400 ग्राम) 
1/2 कप मटर उबले हुए
1/2 टीस्पून जीरा
1/2 टीस्पून साबुत धनिया 
1/2 टीस्पून सौंफ
1/2 टीस्पून हल्दी पाउडर
1/2 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर
1/2 टीस्पून धनिया पाउडर
1/2 टीस्पून अमचूर पाउडर
1 टीस्पून गरम मसाला
1 इंच अदरक का टुकड़ा
5-6जवा लहसुन
3-4 हरी मिर्च 
1/4 कप बारीक कटा हरा धनिया
नमक स्वादानुसार
तलने के लिए तेल

बनाने की विधि - 
सबसे पहले किसी गहरे बर्तन में मैदान छान लें. इसमें अजवाइन नमक और तेल डालकर अच्छी तरह से मिला लें. इसमें थोड़ा- थोड़ा पानी डालकर पुरी की तरह सख्त आटा गूंथ लें. इसे आधे घन्टे के लिए ढ़ककर रख दें.
अब स्टफिंग बनाने के लिए एक पैन में 2 टेबल स्पून तेल डालकर गर्म करें. इसमें साबुत धनिया, जीरा, सौंफ डालकर चटकायें इसमें कुचले हुए अदरक, लहसुन हरी मिर्च डालकर भूनें. अब सारे मसाले डालकर 1 मिनट तक भून लें.अब उबले हुए आलू ,मटर और नमक डालकर 5 मिनट तक भून लें. कटा हुआ हरा धनिया डालकर अच्छी तरह से मिला लें आपका स्टफिंग तैयार है. इसे ठंडा होने के लिए छोड़ दें. 
आटे से नींबू के बराबर छोटे छोटे गोले बना लें. इससे थोड़ा मोटा पुरी बेल लें.
इन पुरियो को बीच में से काट लें. अब एक टुकड़े को लेकर कटिंग वाले किनारे पर ऊँगली से पानी लगाकर एक दूसरे के ऊपर अच्छी तरह से चिपकाते हुए कोन का आकार दें. इसमें नीचे 1-2 मटर के दाने डालें ताकि कोन सेट हो जाये इसमें 2 टेबल स्पून स्टफिंग डालकर पीछे से प्लीट बनाते हुए ऊपर के किनारे पर पानी लगाकर अच्छी तरह से बंद कर दें. इसी तरह से सारे समोसे बनाकर तैयार कर लें.इन समोसों को 15 मिनट के लिए छोड़ दें.
कढाही में तेल को हल्का गरम कर लें. इसमें 3-4 समोसे या जितने समोसे कढाही में आराम से आ सके उतने ही डालें. इन्हें मीडियम ऑच पर दोनों तरफ से पलटकर कुरकुरे व गोल्डेन ब्राउन होने तक तल लें.
एक बैच के समोसे तलने के बाद गैस बन्द कर दें, ताकि तेल थोड़ा ठंडा हो जाये क्योंकि एकदम गरम तेल में समोसे डालने पर उनमें बब्लस आ जाते हैं. जब तेल थोड़ा ठंडा हो जाये तब दूसरे बैच के समोसे डालकर तले. इसी तरह से सारे समोसे तलकर तैयार कर लें.
गरमागरम समोसे बनकर तैयार हैं. समोसे को अपनी मनपसंद चटनी या चाय के साथ गरमागरम सर्व करें.
सुझाव
1- हलवाई जैसे कुरकुरे समोसे बनाने हैं तो आटा थोड़ा सख्त ही लगाये.
2- आप चाहे तो मटर को बिना उबाले भी डाल सकती हैं, अदरक लहसुन भूनते समय मटर डालकर भून लें फिर इसमें थोड़ा पानी डालकर 2 मिनट पका लें.मटर के जगह भूनी हुई मुंगफली के दाने भी डाल सकती हैं.
3- समोसे भरने के बाद 15 मिनट का रेस्ट दें, इससे समोसे क्रन्ची बनेगें.
4- समोसे कम गरम तेल मे ही डालें और मीडियम ऑच पर ही तले. इससे समोसे पर बब्लस नहीं आते और कुरकुरे भी बनते हैं.
5-अगर समोसे मेहमान के लिए बनाने हैं तो पहले हल्का गोल्डेन ही तले जब सर्व करना हो तब दुबारा तल लें.

बैगन के पकौड़े Baigan Ke Pakode

बैगन के पकौड़े शाम के समय का एक टेस्टी नाश्ता है। खास बात यह है कि बैगन के पकौड़े तुरत फुरत में बनने वाला स्टार्टर है। इसे चाय के साथ या हरी चटनी के साथ गर्मागर्म परोसा जा सकता है। तो चलिए शुरू करते हैं बैगन के पकौड़े बनाना...

सामग्री Ingredients

3-4 बैगन (छोटे आकार का)
1 कप बेसन
1 टीस्पूनअदरक-लहसुन का पेस्ट
3-4 हरी मिर्च का पेस्ट
1/2 टी स्पून हल्दी पाउडर
1/2 टी-स्पून लाल मिर्च पाउडर
1/4 टी-स्पून अमचूर पाउडर
स्वादानुसार नमक

बनाने की विधि  Method of Making

सबसे पहले बैगन को धोकर गोल व पतले टुकडें (आधा सेमी. मोटा) में काट लें।

किसी गहरे बर्तन में बेसन व थोड़ा- थोड़ा पानी डालकर गुठलियां खत्म होने तक फेंटते हुए गाढ़ा घोल बना लें। इसमें लगभग आधा कप पानी लगेगा। अब इसमें बैगन व तेल को छोड़ कर सारी सामग्री डालकर अच्छी तरह से मिला लें।घोल बहुत गाढ़ा या पतला नहीं होना चाहिए।

अब कड़ाही में तेल डालकर गर्म होने के लिए रख दें। बैगन के टुकड़ों को बेसन में डुबोकर एक एक करके‌ गर्म  तेल में डाल दें। एक बार में जितने टुकड़े आराम से तले जा सके उतने डाल दें।

पकौड़े को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तल लें। इसे किचन पेपर पर निकाल लें।
इसी तरह से बाकी बचे हुए पकौड़े भी तल कर निकाल लें।

गर्मागर्म बैगन के पकौड़े अपनी मनपसंद चटनी या चाय के साथ खायें व खिलायें।

कार्न टिक्की Corn Tikki

बरसात का मौसम आते ही मार्केट में भुट्टे(मकई)मिलने लगते हैं। भुट्टे को ज्यादातर आग में सेंककर ही खाया जाता है, लेकिन आज हम भुट्टे की टिक्की बनायेंगे जो खाने में बहुत ही चटपटा व टेस्टी लगता है। इसे ब्रेकफास्ट या शाम को स्नैक्स या पार्टी स्नैक्स के रूप में भी परोसा जा सकता है। चलिए कार्न टिक्की बनाना शुरु करें....

सामग्री   Ingredients
1 कप मकई के दाने
2 उबले आलू(मध्यम आकार के)
1/2 कप ब्रेड क्रम्ब्स
4 हरी मिर्च(बारीक कटी हुई)
1/2 इंच अदरक का टुकड़ा (बारीक कटे हुए)
5 कली लहसुन (कुचले हुए)
2 टेबल स्पून हरा धनिया(बारीक कटा हुआ)
1/4 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर
1/2 टी स्पून गरम मसाला
1/2 टी स्पून अमचूर पाउडर
स्वादानुसार नमक
सेकने के लिए तेल

बनाने की विधि Method
सबसे पहले प्रेशर कुकर में मकई और आधा कप पानी डालकर गैस पर रखें। 3-4 सीटी आने के बाद गैस बन्द कर दें। छलनी में छान लें।

अब आलू को छिलकर मैश कर लें।

उबले मकई में से 2 टेबल स्पून मकई निकाल कर अलग रख लें, बाकी मकई को मिक्सी में पीस लें।

अब तेल को छोड़कर सारी सामग्री को एक गहरे बर्तन में डालकर अच्छी मिलाकर मिश्रण तैयार कर लें

इस मिश्रण को 10-12 भाग में बाँट लें। इनसे गोल गोल  टिक्की बना लें।

अब पैन या तवे पर 1 टेबल स्पून तेल डालकर गर्म करें इस पर 4 टिक्की रख दें। एक तरफ से ब्राउन होने पर दूसरी तरफ पलट दें। दूसरी तरफ से भी ब्राउन होने तक सेंक लें। इसी तरह से बाकी बचे टिक्की भी सेंक लें।

आपकी कार्न टिक्की बनकर तैयार है। आप इसे अपनी मनपसंद चटनी या चाय के साथ खायें व खिलायें।

सुझाव- टिक्की सेंकते समय आँच धीमी रखे ताकि टिक्की कुरकुरी बने।
ब्रेड क्रम्ब की जगह पोहा डाल सकते हैं।

पापड़ी चाट Papdi Chat

रक्षाबंधन आने ही वाला है, रक्षाबंधन पर कई तरह के पकवान बनायें जाते हैं। अगर कुछ तीखा व चटपटा बनाना चाहते हैं तो, क्यों न पापड़ी चाट बना लिया जाये? जो बहुत ही टेस्टी लगता है।इसे बनाना बहुत ही आसान है और बहुत कम समय में बन जाता है। आप चाहें तो पापड़ी पहले से बनाकर रख लें या रेडीमेड पापड़ी लें सकते हैं। चलिये शुरु करे पापड़ी चाट बनाना...

सामग्री  Ingredient

12 पापड़ी
2 कप गाढ़ी दही
1 उबला आलू
1/2 कप उबले चने
2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
1 टेबल स्पून हरा धनिया
1 टीस्पून भुना जीरा पाउडर
1/2 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर
1 टीस्पून चाट मसाला
1/4 टीस्पून काला नमक
2 टेबल स्पून हरे धनिये की चटनी
2 टेबल स्पून इमली की मीठी चटनी

बनाने की विधि   Method

सबसे पहले आलू को छोटे-छोटे टुकड़े में काट लें। दही को भी मथ लें।

अब एक प्लेट में 5-6 पापड़ी रखें, इसके ऊपर आलू के कुछ टुकड़े रखें फिर थोड़े से उबले चने और हरी मिर्च डालें। थोड़ा सा काला नमक और जीरा पाउडर छिड़क दें। इसके ऊपर दही डालें ऊपर से जीरा पाउडर, चाट मसाला, काला नमक, लाल मिर्च पाउडर छिड़क दें। ऊपर से हरी चटनी, मीठी चटनी डालें। ऊपर से हरा धनिया व बारीक सेव से गार्निश करके पापड़ी चाट सर्व करें।

सुझाव: आप चाहें पापड़ी चाट में बारीक कटे प्याज भी डाल सकते हैं।

आप पहले से आलू व चने उबाल कर रख लें। पापड़ी, इमली की मीठी चटनी भी पहले से बनाकर रख लें। इससे बनाने में आसानी रहेगी।



काले चने की चाट Kale chane ki Chat

काले चने में आयरन और प्रोटीन भरपूर मात्रा में पाया जाता है। वैसे तो काले चने से छोला, घुघनी कई तरह के डिश बनाये जाते हैं, लेकिन आज हम काले चने की चाट बनायेंगे जो बनाने में बहुत ही आसान है और बिना तेल के ही बनती है। यह हेल्थ के लिए बहुत ही फायदेमंद है। काले चने की चाट मुम्बई के जुहू बीच पर आपको हमेशा मिलेगी।

सामग्री    Ingredients

1/2 कप काले चने
1 प्याज(बारीक कटे हुए)
1 टमाटर(बारीक कटे हुए)
1 उबला आलू 
3-4 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
2 टेबल स्पून हरा धनिया(बारीक कटी हुई)
1/2 टीस्पून भूना जीरा पाउडर
1/2 टीस्पून चाट मसाला
1/4 टीस्पून अमचूर पाउडर
1/4 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर
2 टीस्पून नींबू का रस
1/4 टीस्पून काला नमक
2 टेबल स्पून बारीक सेव नमकीन(वैकल्पिक)

बनाने की विधि     Method
सबसे पहले चने को रातभर या 6 घंटे के लिए भिगो दें। चने को धोकर कुकर में एक कप पानी डालकर उबलने के लिए गैस पर रख दें।

2 सीटी आने के बाद धीमी आँच पर 5-6 मिनट तक और पकायें। अब कुकर खोलकर चने को छलनी से छान कर पानी निकाल दें। चने को ठंडा होने के लिए छोड़ दें। तब तक उबले आलू को छीलकर छोटे-छोटे टुकड़े में काट लें।

अब किसी गहरे बाउल में सारी सामग्री डालकर अच्छी तरह से मिक्स करें।

सर्विसिंग प्लेट में निकाल कर ऊपर से हरे धनिये या  सेव नमकीन या नींबू के टुकड़े से गार्निश करके काला चना चाट सर्व करें।

सुझाव : नमक, मिर्च और मसाले अपने स्वाद के हिसाब से कम या ज्यादा कर सकते हैं।
अपनी मनपसंद सब्जियाँ डाल सकते हैं जैसे खीरा, गाजर आदि।
अगर जीरो आॅयल रेसिपी चाहते हैं तो इसमें सेव नमकीन न डालें।

प्याज के पकौड़े Pyaz ke Pakode

रिमझिम बारिश के मौसम में पकौड़े मिल जाये तो मौसम का मजा दुगुना हो जाता है, तो क्यों न इस बार   बारिश के मौसम में प्याज के कुरकुरे पकौड़े बना लिये जायें। जो खाने में एकदम स्वादिष्ट व चटपटा होता है। इसे बनाना आसान है और कम समय में बन जाता है। तो चलिए शुरु करते हैं प्याज के पकौड़े बनाना....
सामग्री  Ingredients
4 मध्यम आकार के प्याज (लम्बाई में पतला पतला कटा हुआ)
1 कप बेसन
2 टेबल स्पून चावल का आटा
6-7 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
2 टेबल स्पून हरा धनिया (बारीक कटी हुई)
1/2 टीस्पून हल्दी पाउडर
1/4 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर
1/2 टीस्पून चाट मसाला
स्वादानुसार नमक
तलने के लिए तेल
बनाने की विधि  Method
सबसे पहले प्याज को छिलकर धो लें। इसे लम्बाई में पतला पतला काट लें।
किसी गहरे बर्तन में प्याज में नमक मिलाकर 5 मिनट के लिए छोड़ दें। 5 मिनट बाद प्याज पानी छोड़ देगा जो मिश्रण बनाने के लिए पर्याप्त होगा।
अब इसमें तेल को छोड़कर बाकी सभी सामग्री डालकर अच्छी तरह से मिला लें। अगर पानी की आवश्यकता है तो थोड़ा सा पानी मिलाकर मिश्रण तैयार कर लें। पकौड़े के मिश्रण को बहुत ज्यादा गीला न करें इसे थोड़ा कड़ा ही रहने दें। जिससे पकौड़े कुरकुरे बनेगें।
अब कढ़ाही में तेल डालकर गर्म करें। तेल पकौड़े तलने के लिए तैयार है कि नहीं इसके लिए थोड़ा सा मिश्रण तेल में डाल कर चेक करें अगर मिश्रण तुरंत तेल के ऊपर आ जाये तो समझे कि पकौड़े तलने के लिए तेल एकदम गरम है।
अब मिश्रण में से थोड़ा सा मिश्रण हाथ में लेकर छोटे छोटे पकौड़े तेल में डाल दें। इन पकौड़े को दोनों तरफ से पलट पलट कर ब्राउन होने तक तल लें।
पकौड़े को कढाही से निकालकर नैपकिन पेपर पर रखें।
इसी तरह से बाकी के बचे पकौड़े भी तलकर बना लें।
गर्मागर्म प्याज के पकौड़े को चटनी या चाय के साथ  खायें, खिलाये और बारिश के मौसम का भरपूर आनंद उठायें।
सुझाव : पकौड़े को तेज आँच पर ही तले कम आँच पर पकौड़े ज्यादा तेल सोखेगें।
मिश्रण में बहुत ही कम पानी का प्रयोग करें तभी पकौड़े करारे बनेगें।

ब्रेड रोल Bread Roll

ब्रेड रोल को शाम के नाश्ते या पार्टी स्नैक्स के लिए बनाया जा सकता है। ब्रेड रोल चटपटे आलू के मिश्रण को रोल बनाकर ब्रेड में लपेट कर बनाया जाता है, जो बाहर से एकदम कुरकुरा और अन्दर से नरम व चटपटा होता है। इसे बनाना आसान है और हर किसी को पसंद आता है। चलिए शुरु करें आलू ब्रेड रोल बनाना....

सामग्री Ingredients
3-4 आलू मध्यम आकार के
1 टी स्पून धनिया पाउडर
1/2 टीस्पून जीरा पाउडर
1/4 टीस्पून गरम मसाला
1/4 टीस्पून अमचूर पाउडर
1/4 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर
3 - 4 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
2-3 कली लहसुन कुचले हुए
2 टेबल स्पून हरा धनिया बारीक कटा हुआ
1/2 इंचअदरक का टुकड़ा कद्दूकस किया
1 टेबल स्पून तेल मसाला भूनने के लिए
स्वादानुसार नमक
तलने के लिए तेल

बनाने की विधि  Method

सबसे पहले आलू उबलने के लिये रख दें। उबले आलू को ठंडा होने के बाद छीलकर बारीक तोड़ लें।

कढ़ाई में एक बड़ी चम्मच तेल डालकर गरम करें तेल गरम हो जाय तो उसमें जीरा डालकर चटकाए फिर हरी मिर्च, लहसुन अदरक और धनिया पाउडर डाल कर भून लें। अब आलू भी डाल दें और अमचूर पाउडर, गरम मसाला एवं नमक डाल कर अच्छी तरह मिलाकर भून लें लगभग 2मिनट। रोल बनाने के लिये मसाला आलू तैयार हो गये हैं।

आलू के ठंडे होने पर 8 बराबर भाग में बाट कर, प्रत्येक को बेलनाकार आकार देकर प्लेट में रख लें।

ब्रेड के किनारे को चाकू की सहायता से काट कर अलग कर लें। सारे ब्रेड इसी तरह तैयार कर लें।

एक प्लेट में आधा कप पानी लें और एक ब्रेड को पानी में डुबाकर निकाल ले पानी में भीगी हुई ब्रेड को हथेली पर रखकर , दूसरी हथेली से दबा कर, ब्रेड का पानी निकाल दें। अब इसके ऊपर एक बेलनाकार आलू जो आपने पहले से तैयार किये हैं रखें और ब्रेड को मोड़कर चारों ओर से अच्छी तरह दबा कर आलू रोल को बन्द कर दें। इस तरह सारे ब्रेड रोल तैयार कर लें।

कढ़ाई में तेल डालकर गरम करें तैयार 2- 3 रोल उठाइये और गरम तेल में डाले और पलटे से पलट कर ब्राउन होने तक तल लें।

तले हुये ब्रेड रोल निकाल कर, प्लेट में बिछे नैपकिन पर रखें ताकि अतिरिक्त तेल पेपर सोख लें। सारे रोल इसी तरह से तल कर तैयार कर लें।

गरमा गरम ब्रेडरोल को हरे धनिये की चटनी या मीठी चटनी के साथ सर्व करें।

सुझाव: आलू के जगह आप अपनी मनपसंद सब्जियाँ जैसे गाजर, मटर आदि लें सकते हैं।

अगर आप पार्टी के लिए बनाना चाहते हैं तो पहले से आलू के रोल बनाकर रख लें और जब बनाना हो तो ब्रेड में लपेट कर तल लें।

ब्रेड रोल को एक बार तलने के बाद दुबारा न तले ज्यादा तेल सोखेगा।

आलू पकौड़ा Aaloo Pakoda

आलू के पकौड़े एक अच्छा स्नैक्स है। इसे बनाना बहुत ही आसान है। समय भी इतना कम लगता है कि अगर कोई स्नैक्स की डिमांड करे तो इसे तुरंत बनाया जा सकता है। खाने में भी स्वादिष्ट लगते हैं। चलिए शुरू करे आलू के पकौड़े बनाना...

सामग्री - Ingredients

200 ग्राम बेसन
250 ग्राम आलू
1/4 टीस्पून लाल मिर्च
5-6 कली लहसुन (कुचले हुए)
1टीस्पून धनिया पाउडर
2 टेबल स्पून हरा धनिया (बारीक कटा हुआ )
5 हरी मिर्च( बारीक कटी हुई)
स्वादानुसार नमक
तलने के लिए तेल

बनाने की विधि   Method

सबसे पहले बेसन को एक बर्तन में डालें और उसमें करीब 150 ग्राम पानी डालकर चमचे से मिलाइये यह गाढ़ा पेस्ट बन जायेगा। इस घोल को चमचे से चलाते हुये अच्छी तरह फेंट लें और इसमें नमक, लाल मिर्च हरी मिर्च, लहसुन, धनिया पाउडर और हरा धनिया डाल कर अच्छी तरह मिला लें। इसे 15 मिनिट के लिये रख दें।तब तक आलू छील लें और उन्हें थोड़ा मोटा गोल गोल काट लें। 

गैस पर कढ़ाई रखें और उसमें तलने के लिये तेल डाल कर गरम करें। जब तेल गरम हो जाय तो उसमें आलू के एक टुकड़े को बेसन के पेस्ट में लपेट कर तेल मे़ डाल दें। इसी तरह से 4 या 5 आलू के टुकड़े एक एक करके बेसन में लपेट कर तेल में डाल दें। ब्राउन होने पर कलछी से पलट दें और अब उन्हें दूसरी तरफ भी ब्राउन होने दें, और जब ये दोनों तरफ बाउन हो जाय, तब कढ़ाई से एक प्लेट में निकाल लें। इसी तरह से सारे पकोड़े तैयार कर लेगें।

आलू के पकौड़े बनकर तैयार हैं। गरमा गरम आलू के पकोड़े टमाटर की या हरे धनिये की चटनी के साथ परोसें।

शाकाहारी आमलेट - Vegetable Omlet

आमलेट का नाम सुनते ही दिमाग में आता है कि यह तो अण्डे से ही बनेगा, लेकिन ऐसा नहीं है। आज हम बिना अंडे के वेजिटेबल आमलेट बनाएगें। जो जो एकदम हेल्दी व टेस्टी रेसिपी है। वेजिटेरियनस के लिए आमलेट का यह एक अच्छा आप्शन है। इसे बच्चे भी बहुत चाव से खाते हैं। इसे सुबह ब्रेकफास्ट में या शाम को भी बनाया जा सकता है। चलिए शुरू करते हैं इसे बनाना... 

सामग्री 

दही - 1 कप
सूजी-1 कप
मैदा - 1/2कप
बेसन - 1/2 आधा कप
प्याज - 2
हरी मिर्च -5
हरा धनिया - 1गुच्छी
कढ़ी पत्ता - 3 
नमक - स्वादानुसार
खाने का सोड़ा - 1चुटकी
टमाटर  - 3 से 4
घी या तेल तलने के लिए

बनाने की विधि 

सबसे पहले मैदा, सूजी, बेसन और खाने के सोडे को एक जगह मिलाकर छान लीजिए जिससे सभी चीजें भली-भांति मिल जाएं।
दही को पानी में घोटकर इस मिश्रण में मिलाकर गाढ़ा घोल (पेस्ट) तैयार कर एक घंटे के लिए ढककर रख दीजिए।
कुछ टमाटर को बारीक काट लिजिए और कुछ को पतले-पतले स्लाइस काट लीजिए। प्याज, हरी मिर्च, हरे धनिए और कढ़ी पत्ते को बारीक-बारीक काटकर एक जगह मिला लीजिए।
अब आग पर तवा या फ्राईपैन गर्म कीजिए और उस पर घी चुपड़कर इस मिश्रण को चीले की भांति फैला दीजिए और ऊपर कटा हुआ प्याज आदि का मिश्रण फैलाकर हल्का-सा दबा दीजिए।
उलट पलटकर दोनों ओर से सेंक लीजिए और हरे धनिए व प्याज वाली साइड को ऊपर कर उसके आधे भाग पर दो तीन टमाटर के स्लाइस रखकर आमलेट की भांति मोड़कर प्लेट में रख लीजिए।
चटनी व साॅस के साथ गर्म-गर्म सर्व कीजिए।

चना फ्राइ (घुघनी) - Chana Fry (Ghughni)

काले चने की घुघनी या चना फ्राइ बिहार व यूपी का फेमस नाश्ता है और स्ट्रीटफूड भी है। सुबह या शाम को नाश्ते में चाय के साथ गरमागरम घुघनी मिल जाये तो मजा ही आ जाता है। यह टेस्टी होने के साथ-साथ हेल्दी रेसिपी है। इसे बनाना बहुत ही आसान है। मैंने इसमें मसाले के रूप में सिर्फ हल्दी का ही प्रयोग किया है। आप चाहें तो हल्के मसाले डाल सकते हैं। मुझे आशा है कि आपको यह डिश पसंद आयेगी। चलिए शुरू करते हैं... 

सामग्री
1कप काला चना
1प्याज पतले स्लाइस में कटा हुआ
2से 3 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
1/2 छोटी चम्मच हल्दी पाउडर
1/2छोटी चम्मच जीरा
2 बड़े चम्मच तेल
स्वादानुसार नमक
2 बड़े चम्मच हरा धनिया बारीक कटा हुआ

बनाने की विधि
सबसे पहले चना को रातभर या 5से6 के लिए भिगो दें।
चना को पानी से धोकर छलनी में छानकर रख लें। ताकि सारा पानी निकल जाए।
अब कड़ाही में तेल डाल कर गरम करें इसमें जीरा डाल दें। जब जीरा चटकने लगे तब इसमें प्याज और हरी मिर्च डालकर 1 मिनट भूनें।
फिर इसमे चना डाल कर 2 मिनट भूनें। अब इसमें हल्दी और नमक डालकर ढंककर धीमी आँच पर भूनें। बीच-बीच में चलाते रहें ताकि चना जले नहीं।
10से15 मिनट में चना पक जायेगा। या हाथ से दबाकर चेक कर लें। यदि चना हाथ से दब जाता है तो समझिए कि चना पक गया है। थोड़ा सा हरा धनिया बचाकर सारा हरा धनिया इसमे डालकर अच्छी तरह मिलाकर गैस बंद कर दें।
सर्विसिंग प्लेट में चना निकाल कर ऊपर से हरे धनिये से गार्निश करके गरम गरम चना फ्राइ सर्व करें।

ब्रेड पकौड़ा - Bread Pkoda

सुबह या शाम को नाश्ते में कुछ तीखा और चटपटा खाने का मन करे तो भरवां ब्रेड पकौड़ा एक बेहतर ऑप्शन है, आलू और मसालों की मिक्स स्टफिंग से बने भरवा ब्रेड पकौड़ा हर किसी को अच्छा लगेगा, घर पर मेहमान आ जाये तो भी स्नैक्स के रुप में सर्व कर सकते हैं. मुख्य बात है कि इसमें जिन मसालों का इण्डियन स्टाइल में तड़का लगाया जाता है, उससे इसका स्वाद दुगुना हो जाता है तो आइए जाने ब्रेड पकौड़ा बनाने की विधि...

सामग्री 

भरावन के लिए (for stuffing)


ब्रेड                  8 पीस
आलू                 4 पीस
हरी मिर्च             2(बारीक कटे हुए)
अदरक              1/2 इंच का टुकड़ा ( कुचले हुए)
लहसुन               3 से 4 कली (कुचले हुए)
लाल मिर्च            1/4चम्मच
धनिया पाउडर       1/4 चम्मच
हल्दी                 1/4चम्मच
जीरा                  1/2 चम्मच
अजवाइन             1/4 चम्मच
सौंफ                  1/4 चम्मच
मंगरैला(कलौंजी)     1/4 चम्मच
नमक                 स्वादानुसार
अमचूर पाउडर       1/4 चम्मच
हरा धनिया            1/4 कटोरी बारीक कटे हुए
तेल                    2 बड़े चम्मच

घोल बनाने के लिए


बेसन                   2 कप
हल्दी                   1/4 चम्मच
लाल मिर्च              1/4 चम्मच
भुना जीरा पाउडर     1/2 चम्मच
नमक                   स्वादनुसार
पानी                   आवश्यकतानुसार
तलने के लिए           तेल


बनाने की विधि 

→सबसे पहले आलूओं को उबालकर,अच्छे से छीलकर मैश कर ले.
किसी गहरे बर्तन में बेसन,नमक, हल्दी, लाल मिर्च, जीरा डालकर अच्छे से मिक्स कर लेगें और पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार कर ले, इसे ढ़क कर रख देगें.
→अब पैन में तेल गर्म करके इसमें जीरा, अजवाइन, सौंफ, मंगरैला डाल दे, अब इसमें अदरक लहसुन का पेस्ट, हरी मिर्च डाल दे, फिर इसमें हल्दी, लालमिर्च, धनिया पाउडर डालकर भुने, अब इसमें आलू , नमक और अमचूर डालकर अच्छे से भून ले, अंत में हरा धनिया भी मिला दे, अब स्टफिंग के लिए मसाला तैयार है. इसे 8 बराबर भागों में बाँट ले.
अब ब्रेड को बीच से तिकोना काट ले, ब्रेड के एक टुकड़े पर भरावन के एक भाग को अच्छे से फैलाकर लगायेगें इसके ऊपर ब्रेड का दूसरा टुकड़ा रखकर हल्के हाथों दबा दे, इसी तरह सारे ब्रेड को तैयार कर ले.
अब पैन में तेल गर्म करे, ब्रेड को बेसन के घोल में डुबोकर तेल में डालकर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तलेगें, पकौड़े तलते समय गैस मीडियम रखें.
इन पकौडों को गर्मागर्म अपनी मनपसन्द चटनी के साथ सर्व करें.

सुझाव

  • पकौड़े का घोल न ज्यादा गाढ़ा और न ज्यादा पतला होना चाहिए.
  • पकौड़े तलते समय तेल एकदम गर्म होना चाहिए और बाद में गैस मीडियम रखे.
  • ब्रेड को घोल में डुबोकर न रखे तुरन्त तेल में डाले वरना ब्रेड टूट जायेगें.




चूरामटर - Churamatar

चूरा मटर बिहार और पूर्वी उत्तरप्रदेश का मशहूर व्यंजन है. चूरा को कई अलग-अलग नामों से जाना जाता है जैसे कि- पोहा, चिवड़ा, चूडा आदि. बिहार के लोगों का फेवरेट नाश्ता है, यह मिनरल्स और विटीमिन से भरपूर है जो बनाने में आसान, बहुत हैल्दी और टेस्टी भी है तो शुरू करे इसे बनाना ...


सामग्री 

चूरा                    2 कप
हरा मटर              1कप
प्याज                  1बारीक कटी हुई
टमाटर                1बारीक कटी हुई
हरी मिर्च              3 बारीक कटी हुई
लहसुन                4 कली
अदरक                छोटा टुकड़ा
जीरा                   1टीस्पून
हल्दी                   1/2 चम्मच
लाल मिर्च              1/2 चम्मच
गरम मसाला           1/2चम्मच
नमक                  स्वादानुसार
तेल                    3 बड़े चम्मच
हरा धनिया            3 चम्मच


बनाने की विधि

→सबसे पहले पैन में तेल गर्म करेगें इसमे जीरा डालेगें जब जीरा चटकने लगे तब हरीमिर्च और कुचले हुए अदरक लहसुन डालेगें फिर प्याज डालकर हल्का गुलाबी होने तक भुनेगें, फिर इसमें मटर भी डालकर 2 मिनट के लिए ढ़क देगें.
अब टमाटर और सारे मसाले भी डाल देगें इसे अच्छी तरह भुनेगें, इसमें चूरा और नमक डालकर इसे अच्छी तरह से मिलायेंगे ताकि सारे मसाले चूरा में अच्छी तरह से मिक्स हो जाये, 2 मिनट बाद गैस बंद कर देगें।

5-अब सर्विसिंग प्लेट में इसे निकालकर हरे धनिये से सजाकर गर्मागर्म सर्व करें.


सुझाव

चूरा मोटा होना चाहिए नहीं तो चूरा मैश हो जायेगा.


मूली के पराठे - Muli ke Parade

मूली सेहत से भरपूर होता है, मूली के पराठे सुबह नाश्ते व बच्चों के टिफीन के लिए भी एक अच्छा आप्शन है, जो खाने मे बहुत ही टेस्टी व पौष्टिक होता है तो आइये मूली के पराठे बनाने की विधि..


सामग्री


मूली               500ग्राम
आटा              400ग्राम
जीरा               1/2छोटी चम्मच
आजवाइन         1/4छोटी चम्मच
मगँरैला            1/4 छोटी चम्मच
सौंफ               1/4 छोटी चम्मच
हरी मिर्च           3 से 4
लहसुन             3 कली
अदरक             1/2इंच का टुकड़ा
हरा धनिया         1/4 कटोरी(बारीक कटी हुई)
अमचूर पाउडर    1/2 चम्मच
हल्दी               1/2 चम्मच
धनिया पाउडर     1चम्मच
नमक               स्वादानुसार
तेल                 पराठा सेकने के लिए

बनाने की विधि 


→सबसे पहले मूली को कद्दूकस कर लेंगे, अब इसे पैन में या कुकर में 15 मिनट तक हल्का उबाल लें, इसे ठंडा होने के लिए रख दें, ठंडा होने के बाद इसे निचोड़ कर सारा पानी निकाल दें.
अब आटे को नरम गूँथ लें, हरी मिर्च, अदरक , लहसुन को कुचल लें, अब कढ़ाही में 2 चम्मच तेल डालकर गर्म करें, अब इसमें जीरा, आजवाइन, स़ौफ, मँगरैला डाल दें, जब ये चटकने लगे तो हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट डाल दें, फिर धनिया, हल्दी और अमचूर भी डाल दें, अब इसमें मूली और नमक डालकर अच्छे से भूने, इसमें हरा धनिया भी मिला सकते है.
अब पराठे बनाएगें, इसके लिए आटे से थोड़ा सा आटा लेकर गोल लोई बनाकर बीच से गहरा करके उसमें 1चम्मच भरावन डालकर अच्छे से बन्द करके चपटा करें, हाथों की मदद से इसे थोड़ा फैला लें, अब दोनों तरफ से हल्के हाथों बेलें.
गर्म तवे पर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तेल लगाकर अच्छे से सेंके, इसी तरह से बाकी बचे पराठे भी बना लें, आप इसे हरे धनिये की चटनी के साथ या अपने मनपसंद चटनी के साथ गर्मागर्म सर्व करें.

सुझाव

अगर भरावन ज्यादा गीला है तो इसमें एक उबला आलू मैश करके मिला दे, इससे स्वाद भी अच्छा लगेगा और पराठे बेलते समय नहीं फटेगे.

मूली के पत्ते के टिक्के - Muli ke Patte ke Tikke


मूली के पत्तों को अक्सर हम फेंक देते हैं क्यों कि हमें मालूम नहीं होता  है कि ये हमारी सेहत के लिए कितने फायदेमंद होते है, आज हम इन पत्तों से पौष्टिक एवं स्वादिष्ट टिक्के बनाएगें जिसे शाम के समय नाश्ते में खा सकते हैं. आइए जाने मूली के पत्ते के टिक्के बनाने की विधि...


सामग्री  


मूली के पत्ते           250 ग्राम
बेसन                  100 ग्राम  
हल्दी                  1 चम्मच 
लाल मिर्च पाउडर    ½चम्मच         
अजवाईन             ½चम्मच
हरी मिर्च              3-4(बारीक कटी हुई)
लहसुन                2-3 कली(कुचले हुए) 
हरा धनिया            1/4कटोरी (बारीक कटे हुए)
नमक                  स्वादानुसार 
तेल                    तलने के लिए 


बनाने की विधि   

→सबसे पहले पत्तों को धोकर बारीक काट लें, इसमें नमक मिला कर 10 मिनट के लिए रख दें.

अब इसका सारा पानी निचोड़ ले, इसमें सारी सामग्री डाल कर अच्छे से मिक्स कर लें.

इस मिक्चर से गोल टिक्कीनुमा बना लें, पैन गर्म करके उसमें 2चम्मच तेल डाल दें उसमें 3-4 टिक्की डाल कर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें, सेंकते समय पहले आँच धीमी रखें फिर तेज आँच करके सेंक लें.

इसी तरह बाकी बचे टिक्की भी सेंक ले, इसे हरे धनिये की चटनी के साथ गर्मागर्म परोसें.