Curry - Recipes लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Curry - Recipes लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शाही काजू आलू करी Shahi Kaju Aaloo Curry

शाही काजू आलू की सब्जी एक तरह का मुगलई
पकवान है। इसे गाढ़ी ग्रेवी के साथ बनाया जाता है। दही व काजू इसकी ग्रेवी को स्मूद बनाता है।
यह खाने में बहुत ही टेस्टी लगता है। इसे पराठा या नान के साथ खाया जा सकता है। तो चलिए शुरू करे शाही काजू आलू करी बनाना...

सामग्री  Ingredients

5 आलू छोटे आकार के(200ग्राम)
4 टेबलस्पून काजू
1इंच अदरक का टुकड़ा
5 कली लहसुन
1 हरी मिर्च
2 प्याज बारीक कटे हुए
1 टमाटर
1/2 टी-स्पून कालाजीरा
1 तेज पत्ता
2 हरी इलायची
4 लौंग
1इंच दालचीनी का टुकड़ा
6-7 काली मिर्च
1 टी-स्पून धनिया पाउडर
1/2 टी-स्पून जीरा पाउडर
1/2 टीस्पून हल्दी
1/2 टीस्पून लालमिर्च पाउडर
2 टेबलस्पून कटी हुई हरी धनिया
1/4 कप ताजा दही फेटा हुआ
1/4 कप दूध
4 टेबलस्पून तेल आलू तलने के लिए और सब्जी पकाने के लिए
स्वादानुसार नमक

बनाने की विधि   Method

सबसे ‌पहले आलू को धोकर छील ले फिर 1 इंच के टुकडो में काट लें।

कड़ाही में तेल डाल कर गरम करे, कटे हुए आलू डाल कर सुनहरा होने तक तल लें।बचे हुए तेल में दो चम्मच काजू डाल कर तल लें।

फिर कड़ाही में एक चम्मच तेल डाल कर गरम करें इसमें इलायची, लौंग, दालचीनी, काली मिर्च, काजू डालकर कुछ सेकेंड भूनें फिर प्याज, लहसुन और हरी मिर्च डालकर पारदर्शक होने तक भूनें। इसे प्लेट में निकाल कर ठंडा करके पेस्ट बना लें।

अब उसी कढाई में दो चम्मच तेल डाल कर गरम करे, काला जीरा, तेजपत्ता डाल दें,जब जीरा चटकने लगे तब  प्याज डाल कर सुनहरा होने तक भूनें।
फिर इसमें हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और जीरा पाउडर डाल कर दो मिनट तक भूनें। फिर इसमें प्याज मसाले का पेस्ट डाल कर 5 मिनट भूनें।

अब टमाटर को पीसकर पेस्ट बना ले। टमाटर का पेस्ट डाल कर तेल अलग होने तक
भूनें ‌।

अब इसमें दही डाल कर पानी सूखने तक भूने, दूध और 1/2 कप पानी डाल कर उबलने दे।अंत में नमक भी डाल दें।

तले हुए आलू और काजू डाल कर ढककर धीमी आंच पर गाढ़ा होने और आलू के पकने तक पकाएं। शाही काजू आलू की सब्जी को हरा धनिया व तले हुए काजू से गार्निश करके गरमागरम पराठे या नान के साथ सर्व करें।

काले चने के छोले Kale Chane ke Chhole

वैसे तो कई प्रकार के छोले बनाये जाते हैं जैसे काबुली चने के छोले, लोबिया के छोले, सफेद मटर के छोले। सबका अपना - अपना स्वाद होता है। आज हम काले चने के छोले बनायेगें। जिसका अलग ही स्वाद होता है। काले चने में प्रोटीन व कार्बोहाइड्रेट की अधिकता होती है जो हेल्थ के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है। काले चने के छोले खाने में बहुत ही स्वादिष्ट लगता है। चलिए शुरु करें छोले बनाना.....

सामग्री   Ingredients
1/2 कप काला चना
2 प्याज बारीक कटे हुए
7-8 कली लहसुन कुचले हुए
1/2 इंच अदरक का टुकड़ा
2 हरी मिर्च
1/2 टीस्पून जीरा
1 तेजपत्ता
1 टीस्पून धनिया पाउडर
1/2 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर
1/2 टीस्पून हल्दी
स्वादानुसार नमक
2 टेबल स्पून तेल
साबुत मसाले

1 टीस्पून जीरा
3 लौंग
1 बड़ी इलायची
6-7 काली मिर्च
1इंच दालचीनी का टुकड़ा

बनाने की विधि  Method

सबसे पहले चने को अच्छी तरह से धोकर रातभर के लिए भिगो दें।

लहसुन व अदरक को कुचल ले।हरी मिर्च को बीच से चीरा लगाकर रख लें। आप चाहें तो प्याज का पेस्ट भी बना सकते हैं या कटे प्याज ही डालें। सारे साबुत मसालों को 1 मिनट के लिए धीमी आँच पर भूनकर कुट लें या मिक्सी में पीस लें।

प्रेशर कुकर को गर्म करके तेल डाले। गरम तेल में तेजपत्ता डालें फिर जीरा डालकर चटकाए फिर हरी मिर्च व प्याज डालकर भूनें।प्याज थोड़ा भूनने के बाद कुचले हुए अदरक लहसुन भी डाल दें। नमक भी डाल दें। प्याज के ब्राउन होने तक अच्छी तरह से भूनें।

अब इसमें धनिया, हल्दी, लाल मिर्च डालकर भूनें। फिर इसमें कुटे हुए मसाले डालकर भूनें। अब इसमें चना डालकर अच्छी तरह से मिलाकर डेढ़ कप पानी डाल दें। अब कुकर का ढक्कन बन्द कर दें।धीमी आँच पर 5-6 सीटी आने के बाद गैस बन्द कर दें।

प्रेशर खत्म होने के बाद ढक्कन खोल कर छोले को अच्छी तरह से चला दें। अगर ग्रेवी ज्यादा गाढ़ी लग रही है तो अपने हिसाब से गर्म पानी डालकर उबाल आने तक पका लें।

छोले को कटोरी में निकाल कर हरा धनिया या प्याज के स्लाइस के सजाकर रोटी, पूरी या चावल के साथ परोसें। 
सुझाव: आप चाहें तो पहले चने को प्रेशर कुकर में उबाल कर रख लें। किसी पैन में प्याज व मसाले भूनकर उबले चने डालकर बना सकते हैं। जो विधि आसान लगे वैसे ही बना लें।

आप चाहें तो इसमें 1-2 टमाटर भी पेस्ट बना कर डाल सकते हैं। कुछ लोग सिर्फ प्याज डालकर काले चने के छोले बनाते हैं और कुछ लोग प्याज व टमाटर दोनों डाल कर बनाते हैं। दोनों तरह से बने छोले का स्वाद अच्छा लगता है।

कटहल कोरमा - Katahal Korma

वैसे तो आपने कटहल से कई तरह की सब्जियां बनाई होगी जैसे कि कटहल करी, कटहल दो प्याजा आदि। आज हम कटहल कोरमा बनायेंगे जिसका टेस्ट इन सबसे थोड़ा अलग होगा, तो आइए शुरू करें कटहल कोरमा बनाना...  


सामग्री
  • ½ किलो कटहल (चौकोर टुकडो में कटा हुआ)
  • 2 बड़े प्याज बारीक कटे हुए
  • 2 टमाटर बारीक कटे हुए
  • 1 बड़ा चम्मच अदरक लहसुन और हरी मिर्च का पेस्ट
  • 2 समूची लाल मिर्च
  • 1 छोटा चम्मच गरम मसाला
  • 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च
  • 1 चुटकी हींग
  • 3-4 छोटी इलाइची
  • 1 तेज पत्ता
  • 1 कप दही
  • 2 बड़े चम्मच तेल
  • स्वादानुसार नमक
  • 1 बड़ा चम्मच हरी धनिया
  • तलने के लिए तेल
बनाने की विधि
→कटहल को चौकोर टुकडो में काट कर नमक लगा के आधे घंटे के लिए रख दे, कढाई में तेल डाल कर गरम करे कटहल डाल कर हल्का सुनहरा होने तक तल के निकाल ले।  
→कढाई में दो चम्मच तेल छोड़ के सारा तेल निकाल दे, तेल में हींग, जीरा, इलाइची, तेजपत्ता, समूची लाल मिर्च डाल के थोड़ी देर तक भुने, फिर प्याज डाल कर  सुनहरा होने तक भूनें, अदरक लहसुन का पेस्ट डाल के कुछ सेकंड के लिए भूने, टमाटर डाल कर गलने तक पकाए। 
→फिर हल्दी, लाल मिर्च डाल कर कुछ सेकंड भूने फिर दही डाल के अच्छे से लगातार चलाते हुए भूने, कटहल और नमक डाल कर कुछ सेकंड भूनें पानी डालकर अच्छी तरह चला कर ढक दें।  कटहल के गलने तक पकाए। 
→गरम मसाला डाल कर गैस बंद कर दें, हरी धनिया से सजा कर गरम रोटी के साथ परोसे। 

आलू मैक्रोनी की सब्जी - Aaloo Macroni ki Sabji

मैक्रोनी बच्चों को बहुत पसंद आता है। बच्चे अक्सर इसकी डिमांड करते हैं। वैसे मैक्रोनी को स्नैक्स के रूप में खाते हैं, लेकिन आज हम मैक्रोनी को आलू की ग्रेवी के साथ बनाएगें जिसे सब्जी के रूप में रोटी या पराठा के साथ खाया जा सकता है। आइए जानें आलू मैक्रोनी की सब्जी बनाना... 

सामग्री
  • 1 कप मैक्रोनी
  • 4 मध्यम आकार के टमाटर
  • 2 मध्यम आकार के आलू
  • 3 बड़े चम्मच तेल
  • 1 बड़ा प्याज बारीक कटा हुआ
  • 2 ½ कप पानी
  • 1 चम्मच धनिया पाउडर
  • ½ चम्मच हल्दी पाउडर
  • ½ चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • ½ चम्मच गरम मसाला
  • ½ चम्मच जीरा 
  • स्वादानुसार नमक
  • 2 बड़े चम्मच हरी धनिया बारीक कटी हुई
बनाने की विधि

सबसे पहले एक कुकर में तेल डाल के गरम करे इसमें जीरा डाल कर चटकायें फिर प्याज डाल के गुलाबी होने तक भुने फिर आलू डाल के कुछ देर भूने, फिर टमाटर और मसाले डाल के भूनें।   नमक डाल के टमाटर गलने तक पकाए।
मैक्रोनी और पानी डाल के कुकर बंद करके 2 सीटी आने तक पकाए फिर गैस धीमी करके 2-3 मिनट तक और पकाए, प्रेशर निकलने के बाद कुकर खोल के हरी धनिया से सजा के गरम गरम सब्जी पराठे या रोटी के साथ परोसें। 

कढाई मशरूम - Kadai Mushroom

सामग्री
  • 200 ग्राम ताजे बटन मशरूम
  • 1/2 हरा शिमला मिर्च
  • 1/2 लाल शिमला मिर्च
  • 1 कप बारीक कटा हुआ प्याज़
  • 1 कप ताजे टमाटर की प्यूरी
  • 1 बड़ा चम्मच अदरक लहसुन का पेस्ट
  • 1 चम्मच हरी मिर्च बारीक कटी हुई
  • 1 छोटा चम्मच भूने जीरे का पाउडर
  • 1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • 1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
  • 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
  • 1 छोटा चम्मच गरम मसाला पाउडर
  • 1 चम्मच कसूरी मेथी
  • 2 बड़े चम्मच तेल
  • 1 बड़ा चम्मच ताज़ी क्रीम
  • स्वादानुसार नमक
  • 2 बड़े चम्मच हरी धनिया कटी हुई

बनाने की विधि

→मशरूम को साफ़ करके 1 के 6 पीस में काट ले, एक कढाई में तेल डाल के गरम करे, गरम तेल में अदरक लहसुन का पेस्ट डाल के कुछ सेकंड्स तक भूने फिर बारीक कटा हुआ प्याज़ डाल के सुनहरा होने तक भूने, कटा हुआ शिमला मिर्च डाल के 1 मिनट तक भूने, फिर पिसा टमाटर, हल्दी, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर डाल के तेल अलग होने तक पकाए. 
→मशरूम और नमक डाल के अच्छे से मिलाये, ढक्कन ढक के 4-5 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दे, ढक्कन खोल के क्रीम और गरम मसाला मिला के 2-3 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दे.
→कसूरी मेथी मिला के गैस बंद कर दे. हरी धनिया से सजा के गरम गरम कढाई मशरूम रोटी पराठे
या चावल के साथ परोसे.

क्रीमी वेजिटेबल कोरमा - Krimi Vegetable Korma

सामग्री
  • 2 कप मिली जुली कटी हुई सब्जिया
  • 1 कप मटर ताजे या फ्रोजेन
  • 1 बड़ा प्याज़ बारीक कटा हुआ
  • 2-3 लहसुन की कलिया बारीक कटी हुई
  • 1 छोटा टुकड़ा अदरक बारीक कटी हुई
  • 1-2 बड़ी इलाइची (कुटी हुई)
  • 1 छोटा चम्मच जीरा पाउडर
  • 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
  • 1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला
  • 1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
  • 1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • 1 बड़ा चम्मच तेल
  • 1 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
  • 1/2 कप ताज़ा फेटा हुआ दही
  • 2 बड़े चम्मच बादाम पेस्ट
  • 1 बड़ा चम्मच बारीक कटी हुई हरी धनिया

बनाने की विधि

→कढाई में तेल डाल के गरम करे गरम तेल में कटे हुए पाज़ को डाल के गुलाबी होने तक भूने फिर अदरक और लहसुन डाल के भूने सारे सूखे मसाले डाल के कुछ देर और भूने.
→कटी हुई सब्जिया और मटर डाल के 5 मिनट तक भूने फिर एक कप पानी और नमक डाल के धीमी आंच पर सब्जियों के पकने तक पकाए.
→सब्जिया पकने के बाद गैस बंद करके, ताज़ा फेटा हुआ दही, गरम मसाला और बादाम का पेस्ट डाल के अच्छे से मिलाये. हरी धनिया से सजा के चावल और रोटी के साथ परोसिये.

शाही गोभी मसाला - Shahi Ghobhi Masala

सामग्री
  • 2 कप कटी हुई गोभी
  • 1 मध्यम आकार का प्याज़ (बारीक कटा हुआ)
  • 2 हरी इलाइची
  • 2 लौंग
  • 2 तेज पत्ते
  • 2 मध्यम साइज़ टमाटर
  • ¾ कप दही
  • ½ चम्मच चीनी
  • ¾ कप उबले मटर
  • 2 बड़े चम्मच ताज़ी क्रीम
  • 3 चम्मच घी
  • स्वादानुसार नमक
  • 2 बड़े चम्मच हरी धनिया बारीक कटी हुई
  • पेस्ट बनाने के लिए सामग्री
  • 2 छोटी इलाइची
  • 3 लौंग
  • 2 चम्मच समूची धनिया
  • ½ चम्मच जीरा
  • 4-5 लहसुन
  • 1 इंच का टुकड़ा अदरक का
  • 1 इंच का टुकड़ा दालचीनी
  • ½ चम्मच हल्दी
  • 1 मध्यम आकार का प्याज़ बड़े टुकडो में काट हुआ
  • 5-6 काजू
  • 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर

बनाने की विधि 

→गोभी को बड़े टुकडो में काट के आधा पकने तक उबाल ले, मटर को भी उबाल ले, टमाटर को उबाल के प्यूरी बना ले.
→पेस्ट बनाने की सामग्री को मिला के पानी मिला के बारीक पेस्ट बना ले, कढाई में तेल डाल के गरम करे तेज पत्ता और लौंग इलाइची डाल के भूने. कटा हुआ प्याज़ डाल के सुनहरा होने तक भूने, पेस्ट डाल के तेल अलग होने तक भूने, फिर टमाटर की प्यूरी और दही डाल के 3-4 और भूने, उबली हुई गोभी और मटर डाल दे. नमक डाल के 2-3 मिनट तक धीमी आंच पर ढक के पकाए.
→क्रीम डाल के अच्छे से मिला दे, 2-3 मिनट तक पकाए, गैस बंद कर दे. हरी धनिया से सजा के गरम गरम रोटी या पराठो के साथ परोसे.

काबुली चना पालक - Kabuli Chana Palak

सामग्री
  • 500 ग्राम पालक बारीक कटा हुआ
  • 1 कप काबुली चने
  • 1/4 छोटा चम्मच मीठा सोडा
  • 3- 4 मध्यम आकार के टमाटर
  • 2 हरी मिर्च
  • 2 मध्यम आकार के प्याज़
  • 1 चम्मच अदरक लहसुन का पेस्ट
  • 2 बड़े चम्मच तेल
  • 1/2 चम्मच जीरा
  • 1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
  • 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
  • 1/4 छोटा चम्मच लाल मिर्च
  • स्वादानुसार नमक
  • 1/4 छोटा चम्मच गरम मसाला
  • 1 चम्मच कसूरी मेथी
  • 2 बड़े चम्मच हरा धनिया बारीक कटा हुआ

बनाने की विधि 

→काबुली चने को साफ पानी से धोकर, बेकिंग सोडा मिला के रातभर के लिए भिगो के रख दे. भीगने के बाद
नमक मिला के उबाल के अलग रख दे, प्याज़ और टमाटर को काट के हरी मिर्च के साथ पीस के पेस्ट बना ले.
→एक कढाई में तेल डाल के गरम करे, जीरा डाल के तड़कने दे, फिर पिसा हुआ प्याज़ और टमाटर का पेस्ट डाल के पकाए 3-4 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दे. हल्दी, धनिया, लालमिर्च, गरम मसाला डाल के तेल के अलग होने तक पकाए. 
→कटी हुई पालक और नमक डाल के पकने दे, एक मुट्ठी उबले हुए काबुली चने को पीस के पेस्ट बना ले.
उबले हुए चने और पिसे हुए चने मिला के पकाए, एक कप पानी डाल के उबलने दे. चना मसाला और कसूरी मेथी मिला के 1-2 मिनट तक उबलने दे. 
→गैस बन्द करके हरी धनिया से सजा के नान, रोटी, चावल या पुलाव के साथ परोसे.

मारवाड़ी रसेदार आलू की सब्जी - Marvadi Rasedar Aloo ki Sabji

आलू की तरीदार सब्जी तो आपने भी खायी होगी, लेकिन आज हम आलू की सब्जी  को मारवाड़ी तरीके से बनायेगें। जो बिना लहसुन प्याज और बहुत ही कम मसाले का प्रयोग करके बनाया जाता है। यह खाने में बहुत ही स्वादिष्ट लगता है। 


सामग्री
  • 4-5 उबले आलू
  • 2 बड़े टमाटर
  • 1/2 इंच का टुकड़ा अदरक
  • 1 हरी मिर्च
  • 1 छोटा चम्मच हल्दी
  • स्वादानुसार नमक
  • 1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला
  • 1 बड़ा चम्मच तेल
  • 1 बड़ा चम्मच घी
  • 1/2 छोटा चम्मच हीन्घ
  • 1 छोटा चम्मच जीरा
  • 1/2 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
  • 1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • 1 बड़ा चम्मच कटी हुई हरी धनिया

बनाने की विधि

सबसे पहले आलू को छीलकर छोटे छोटे टुकडो में तोड़ ले, टमाटर हरी मिर्च और अदरक को मिला के पेस्ट बना ले। 
एक कढाई में तेल डाल के गरम करे, जब तेल गरम हो जाये तो उसमे हल्दी और पिसा हुआ टमाटर डाल के धीमी आंच पर पकने दे। 
जब तेल अलग हो जाये तो उसमे आलू डाल के कुछ देर चलाये धनिया पाउडर डाल कर कुछ देर भूनें। फिर एक गिलास पानी डाल दे।नमक और गरम मसाला डाल ले उबाल आने दे, एक उबाल आने के बाद थोड़ी देर धीमी आंच पर पकने दे, गैस बंद कर दे। 
तड़का पैन में घी डाल के गरम करे घी गरम होने के बाद उसमे जीरा, हीन्घ और लाल मिर्च पाउडर डाल के पकाए फिर उसे सब्जी में डाल दे।  हरी धनिया से सजा के गरम पराठे या पूरी के साथ परोसे। 

भरवां शिमला मिर्च करी - Bharva Shimla Mirch Kari

सामग्री
4 छोटे शिमला मिर्च

भरने के लिए सामग्री
  • 1 मध्यम आकार का उबला आलू
  • 100 ग्राम पनीर कद्दूकस करा हुआ
  • 1 छोटा प्याज़ कटा हुआ
  • 1 छोटा चम्मच अदरक लहसुन का पेस्ट
  • 1-2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
  • 1 बड़ा चम्मच तेल
  • 1/4 छोटा चम्मच हल्दी
  • 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • 1 छोटा चम्मच जीरा पाउडर
  • 1/2 चम्मच धनिया पाउडर
  • 1/4 छोटा चम्मच गरम मसाला
  • स्वादानुसार नमक

ग्रेवी बनाने की सामगी

  • 1 मध्यम आकार का प्याज़ बारीक कटा हुआ
  • 1 कप पिसा हुआ टमाटर
  • 2 छोटे चम्मच अदरक लहसुन का पेस्ट
  • 2 बड़े चम्मच क्रीम या फेटी हुई मलाई
  • 2 बड़े चम्मच टोमेटो सौस
  • 1 छोटा चम्मच जीरा
  • 1 बड़ा चम्मच तेल
  • 1/4 छोटा चम्मच हल्दी
  • 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • 1/2 छोटा चम्मच जीरा पाउडर
  • 1 चम्मच धनिया पाउडर
  • 1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला
  • 1 बड़ा चम्मच हरा धनिया बारीक कटा हुआ
  • स्वादानुसार नमक

बनाने की विधि

→शिमला मिर्च को ऊपर से काट के उसके अन्दर से सारे बीज और गूदा बाहर निकाल दे.

भरावन बनाने के लिए

→उबले आलू को छील के मैस कर ले. पनीर को कद्दूकस कर ले, अब एक कढाई में तेल गरम करे और उसमे प्याज़ और हरी मिर्च डाल के हल्का सुनहरा होने तक भूने फिर अदरक और लहसुन का पेस्ट डाल के कुछ देर और भूने.
→सूखे मसाले, उबला आलू और पनीर मिला के अच्छे से चलाये नमक और गरम मसाला मिला के कुछ देर भूने.
गैस से उतार के ठंडा होने दे. भरावन तैयार है, ठंडा होने के बाद शिमला मिर्च में अच्छे से भर दे.
→अब ओवन को 350 f पर प्री हीट करे और शिमला मिर्च के ऊपर तेल लगा के उसे बेकिंग ट्रे में रख के 10 मिनट के लिए बेक कर ले. या फिर कढाई में एक चम्मच तेल डाल के गरम करे भरे हुए शिमला मिर्च डाल के पका ले.

ग्रेवी बनाने के लिए

→कढाई में तेल डाल के गरम करे गरम तेल में जीरा डाले जीरा होने के बाद प्याज़ डाल के सुनहरा होने तक
पकाए, अदरक लहसुन का पेस्ट मिला के थोड़ी देर और भूने. टमाटर का पेस्ट, सूखे मसाले और टोमेटो सौस मिला के तेल छोड़ने तक पकाए.
→नमक, एक कप पानी और क्रीम मिला के उबलने दे, गरम मसाला मिला के धीमी आंच पर 4-5 मिनट तक पकने दे, ग्रेवी तैयार है.

→अब एक माइक्रोवेव सेफ बर्तन में पेहले थोड़ी ग्रेवी डाले फिर उसके ऊपर पके हुए शिमला मिर्च सजा दे और ऊपर से और ग्रेवी डाल दे, फिर माइक्रोवेव में रख के 2-3 मिनट तक पकने दे, हरी धनिया और क्रीम से सजा के गरम रोटी, नान, या पराठो के साथ परोसे.

मिक्स वेज़ करी - Mix Veg Kari

सामग्री
  • 1 कप गोभी के टुकड़े
  • 1/2 कप कटी हुई गाज़र
  • 1/2 कप हरे मटर
  • 1/2 बीन्स कटी हुई
  • 100 ग्राम पनीर (छोटे टुकड़े)
  • 2-3 टमाटर बारीक कटे हुए
  • 1 बड़ा प्याज़ बारीक कटा हुआ
  • 1/2 छोटा चम्मच जीरा
  • 2 तेज पत्ता
  • 3-4 लौंग
  • 5-6 कालीमिर्च
  • 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च
  • 1 चम्मच धनिया पाउडर
  • 1/2 कप फ्रेश क्रीम या फेटी हुई मलाई
  • 1 चम्मच कसूरी मीठो
  • 1/4 चम्मच गरम मसाला
  • 1 बड़ा चम्मच तेल
  • 1 बड़ा चम्मच हरी धनिया कटी हुई

बनाने की विधि

→कटी हुई सब्जियों को नमक मिले पानी में उबाल के अलग
रख दे, अब एक कढाई में तेल गरम करे उसमे तेज पत्ता, कालीमिर्च,
लौंग और जीरा डाल के कुछ देर भूने, प्याज़ मिला के सुनहरा होने तक भूने, फिर टमाटर मिला के गलने तक पकाए.
लाल मिर्च, धनिया पाउडर, और नमक मिला के तेल अलग होने तक पकाए, एक कप पानी मिला के करी को उबलने दे, फिर क्रीम
और कसूरी मेथी मिला दे.
उबली हुई सब्जियां को पानी से निकाल के मिला दे, कटा हुआ पनीर मिला के धीमी आंच पर 5-6 मिनट तक पकने दे.
गरम मसाला और हरा धनिया मिला के गैस बंद कर दे, मिक्स वेज करी तैयार है इसे रोटी पराठे या नान के साथ परोसे.

शिमला मिर्च मूंगफली करी - Shimla Mirch Mungfali Kari

सामग्री


  • 2 बड़े शिमला मिर्च
  • 1/2 कप भुनी और छिलका उतरी हुई मूंगफली
  • 4-5 लाल मिर्च
  • 2 बड़े प्याज़ (कटे हुए)
  • 1/2 चम्मच सूखी खड़ी धनिया
  • 1/4 चम्मच जीरा
  • 3 चम्मच तेल
  • 1 चम्मच कटी हुई हरी धनिया
  • नमक स्वादानुसार

बनाने की विधि

→शिमला मिर्च को बीज निकाल के बड़े टुकडो में काट ले, अब एक कढाई में 1 चम्मच तेल गरम करे उसमे आधे कटे हुए प्याज़,लाल मिर्च और धनिया डाल के भूने और फिर ठंडा होने दे.
→ठंडा होने के बाद मूंगफली के साथ मिला के बारीक पेस्ट बना ले, अब बचा हुआ तेल गरम करे उसमे जीरा डाले जीरा पकने के बाद उसमे आधा बचा हुआ प्याज़ डाल के सुनहरा होने तक भूने, फिर नमक, शिमला मिर्च डाल के ढक के धीमी आंच पर शिमला मिर्च के पकने तक पकाए.
→फिर पिसा हुआ पेस्ट और आधा कप पानी डाल के 5-6 मिनट तक और पकाए, गैस से उतार के हरी धनिया से सजाये, गरम गरम सब्जी रोटी और चावल के साथ परोसे.

लौकी की सब्जी - Lauki ki Sabji

सामग्री
  • 2 कप लौकी (कटी हुई)
  • 1/2 चम्मच जीरा
  • 1 चुटकी हींग
  • 1/4 चम्मच हल्दी
  • 1/4 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • 1 चम्मच आमचूर पाउडर या नीबू का रस
  • 1/2 चम्मच धनिया पाउडर
  • 2 चम्मच तेल
  • नमक स्वादानुसार
बनाने की विधि

→लौकी को छील कर छोटे छोटे टुकडो में काटकर धो ले, अब एक कुकर में तेल गरम करे तेल में हीग और जीरा डाले, जीरा पकने के बाद हल्दी, अब कटी हुई लौकी, नमक, धनिया पाउडर, लालमिर्च पाउडर मिला दे और कुकर का ढक्कन बंद कर दे, फिर दो सीटी आने तक पका ले.
→कूकर खोल के आमचूर पाउडर या नीबू का रस मिलाये और तेज आंच पर पानी सूखने तक पकाए, फिर हरी धनिया से सजा के गरमागरम रोटी या पराठे के साथ परोसे.

जिमीकंद या सूरन की सब्जी - Jimekand ya Suran ki Sabji

सामग्री
  • 250 ग्राम जिमिकंद (सूरन)
  • 1 नींबू
  • 2-3 टमाटर
  • 2 हरी मिर्च
  • 1 छोटा टुकड़ा अदरक
  • 1 बड़ा प्याज़
  • 1 छोटी कटोरी दही
  • 100 ग्राम तेल
  • 1 चुटकी हींग
  • आधा छोटा चम्मच जीरा
  • 1/4 चम्मच हल्दी पाउडर
  • 1 चम्मच धनिया पाउडर
  • 1/4 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • 1/4 छोटा चम्मच गरम मसाला
  • स्वादानुसार नमक
  • हरी धनिया
बनाने की विधि

→सबसे पहले जिमिकंद को धोकर साफ कर लें, फिर हाथो में तेल या घी लगाकर जिमीकंद को छील ले और चौकोर टुकडो में काट ले (तेल न लगाने पर हाथो में खुजली हो सकती है ).
→जिमिकंद के कटे हुये टुकड़ों पर एक नींबू का रस लगा कर आधे घंटे के लिये रख दें, आधे घंटे के बाद उसे फिर से अच्छे से धो लीजिये.
→प्याज़, अदरक और हरी मिर्च का पेस्ट बना लीजिये, टमाटर का भी अलग से पेस्ट बना लीजिये.
→एक कढ़ाई में तेल गरम कीजिये और गरम तेल में जिमिकंद के टुकडो को सुनहरा होने तक तल लीजिये, उसके बाद कुकर में दो चम्मच तेल गरम कीजिये, उसमे हींग और जीरा डालिये, फिर प्याज़ का पेस्ट डाले और भूरा होने तक भूने, उसके बाद टमाटर का पेस्ट, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालकर मसाले को तेल छोड़ने तक भूनिये.
→मसाला भुन जाने के बाद मथा हुआ दही डालिये और लगातार चलाते रहिये, मसाले में तले हुए जिमिकंद के टुकड़े डालकर मिलाइये, सब्जी की तरी के लिए अपनी इच्छानुसार पानी और नमक डाल दीजिये.
→कुकर का ढक्कन बन्द करके धीमी आंच पर एक सीटी आने तक पकाइए, सीटी निकल जाने के बाद कुकर खोल कर गरम मसाला और हरी धनिया मिलाइये, गरमागरम सब्जी रोटी, पराठे के साथ परोसिये.

गोभी बटर मसाला - Gobhi Butter Masala

सामग्री
  • 1 मध्यम आकार की गोभी (बड़े टुकडो में कटी हुई)
  • 2 बड़े चम्मच काजू (भीगा के पेस्ट बना हुआ)
  • ½ कप ताज़ी क्रीम
  • 2-3 मध्यम आकार के प्याज़ (बड़े टुकडो में कटे हुए)
  • 6-7 टमाटर (लाल एप्पल टमाटर) (बड़े टुकडो में कटे हुए)
  • 1 चम्मच अदरक लहसुन (बारीक कटा हुआ)
  • 2 छोटी इलाइची
  • 2-3 लौंग
  • 1 चम्मच चीनी
  • 1-2 तेज पत्ते
  • 1 इंच दालचीनी का टुकड़ा
  • 3 बड़े चम्मच मक्खन
  • 2 चम्मच तेल
  • 1 बड़ा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
  • ½ छोटा चम्मच गरम मसाला
  • ¼ छोटा चम्मच हल्दी
  • 1 बड़ा चम्मच कसूरी मेथी
  • 1 बड़ा चम्मच हरी धनिया बारीक कटी हुई
  • स्वादानुसार नमक

बनाने की विधि

→गोभी को बड़े टुकडो में काट के रख ले, एक बड़े बर्तन में पानी उबाले उबलते पानी में थोडा नमक और हल्दी डाल दे, फिर गोभी के टुकड़े डाल के गैस बंद करदे, गोभी को पानी में 5-6 मिनट तक ऐसे ही पड़ा रहने दे, फिर पानी से निकाल के अलग रख दे.
→कढाई में एक चम्मच तेल डाल के गरम करे, इलाइची, लौंग, दालचीनी और तेजपत्ता डाल के भूने, कटा हुआ प्याज़, लहसुन और अदरक डाल के हल्का सुनहरा होने तक भूने, फिर टमाटर डाल के गलने तक पकाए, गैस बंद करके मसाले को ठंडा होने दे, ठंडा होने के बाद पीस के पेस्ट बना ले.
→एक कढाई में दो बड़े चम्मच मक्खन और एक चम्मच तेल डाल के गरम करे तेल में लाल मिर्च पाउडर डाल के कुछ सेकंड भूने, फिर पिसा हुआ पेस्ट डाल के भूने, पिसे हुए काजू का पेस्ट डाल के तेल अलग होने तक भूने, गोभी, कसूरी मेथी और एक कप पानी मिला के 3-4 मिनट तक धीमी आंच पर पकाए.
→गरम मसाला, ताज़ी क्रीम और चीनी के 1-2 मिनट और पकाए, हरी धनिया डाल के मिला दे और गैस बंद कर दे, गोभी बटर मसाला तैयार गरम गरम रोटी या नान के साथ परोसे.

गोभी के कोफ्ते - Ghobhi ke Kofte

सामग्री
• 1 कप फूलगोभी कद्दूकस करी हुई
• 100 ग्राम पनीर कद्दूकस करा हुआ
• 2 बड़े चम्मच बेसन
• 2-3 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
• एक चौथाई चम्मच कसूरी मेथी
• नमक स्वादानुसार
• तेल तलने के लिए 


तरी के लिए
• तेल 2 चम्मच
• 1 बड़ा प्याज़
• 1 बड़ा टमाटर
• आधा चम्मच हल्दी
• आधा चम्मच धनिया पाउडर
• आधा चम्मच जीरा पाउडर
• आधा चम्मच गरम मसाला
• दो साबुत लाल मिर्च
• आधा चम्मच जीरा
• हरी धनिया बारीक कटी हुई 2 चम्मच

बनाने की विधि

→तेल छोड़ कर कोफ्ते की सारी सामग्री मिला ले, और उसके छोटे छोटे गोले बना ले. कढाई में तेल गरम करके
सुनहरा तल के अलग रख ले., प्याज़ टमाटर को पीस कर पेस्ट बना ले.
→अब कढाई में दो चम्मच तेल डाल के जीरा और साबुत मिर्च तोड़ के डाले, जीरा हो जाने पर प्याज़ और टमाटर
का पेस्ट डाल दे. उसमे हल्दी, धनिया पाउडर, और जीरा पाउडर भी मिला दे, तेल छोड़ने तक भूने, दो कटोरी पानी मिला दे जब करी उबलने लगे तो उसमे कोफ्ता डाल दे, 5 मिनट और पकाए.
→गरम मसाला और हरा धनिया मिला के आंच से उतार के गरमा गरम रोटी या चावल के साथ परोसे.

मेथी मलाई मटर - Methi Malai Matar

सामग्री

• 2 चम्मच तेल
2 कप मेथी पत्ती (बारीक कटी हुई)
आधा चम्मच जीरा
• 1 कप मटर उबले हुए
• 2 प्याज़ बारीक कटा हुआ (एक प्याज़ बारीक काट ले एक का पेस्ट बना ले)

• 3 बड़े चम्मच दूध
• 3 कली लहसुन
• 1 इंच का टुकड़ा अदरक
• नमक स्वादानुसार
• काजू 8-10
• क्रीम या मलाई आधा कप
• 2 हरी मिर्च
• गरम मसाला

बनाने की विधि

→मेथी पत्ती को साफ करके आधा चम्मच नमक मिला के 15 मिनट के लिए रख दे, 15 मिनट के बाद सारा पानी निचोड़ के निकाल दे.
→1 प्याज़, लहसुन, अदरक, काजू और हरी मिर्च का पेस्ट बना ले, क्रीम और काजू को भी मिक्स करके पेस्ट बना ले.
→अब कढाई में एक चम्मच तेल गरम करे तेल में जीरा डाले जीरा होने पर मेथी पत्ती  डाल के 3-4 मिनट भूने और प्लेट में निकाल ले, अब फिर से एक चम्मच तेल गरम करे और कटा हुआ प्याज़ डाले और सुनहरा होने तक भूने अब इसमें पेस्ट मिला दे और तब तक भूने जब तक मसाला तेल न छोड़ दे, काजू और क्रीम वाला पेस्ट भी मिला दे और एक मिनट और पकाए, मटर और मेथी पत्ती मिलाये, नमक और दूध भी मिला दे, एक कप गरमपानी मिला के 5 मिनट तक धीमी आंच पर पकाए गरम मसाला मिला के आंच बंद कर दे.
→गरमा गरम मेथी मलाई मटर रोटी और चावल के साथ  परोसिये.

मशरूम मटर करी - Mushroom Matar Kari

सामग्री
• 1 पैकेट (200 ग्राम) मशरूम चार टुकड़ों में काटे हुए
• 1 कप मटर,
• 4 बड़े चम्मच तेल,
• 2 बड़ी इलायची
• 2 लौंग,
• नमक स्वादानुसार
• 2 चम्मच धनिया पाऊडर
• लाल मिर्च पाऊडरएक-चौथाई चम्मच

• गर्म मसाला एक-चौथाई चम्मच
• हल्दी एक-चौथाई चम्मच
• 3 टमाटर
• 1 हरी मिर्च
• 1 बड़ा प्याज,
• लहसुन की 6-8 कलियां,
• 1 इंच अदरक का टुकड़ा

बनाने की विधि

→प्रत्येक मशरूम को साफ करके चार टुकड़ों में काटें ले.प्याज़, लहसुन अदरक का पेस्ट बना ले, हरी मिर्च और टमाटर की अलग से प्यूरी बना ले.
→तेल गर्म करे और इसमें मोटी इलायची और लौंग डालें, कुछ सेकंड तक पकाए इसमें प्याज, लहसुन तथा अदरक का पेस्ट मिलाएं, भूरा होने तक इसे हल्के से लगातार हिलाते हुए पकाएं, आंच धीमी करके इसमें सभी मसाले जैसे नमक, धनिया पाऊडर, लाल मिर्ची पाऊडर, गर्म मसाला तथा हल्दी डालें, धीमी आंच पर कुछ सैकंड तक पकाएं, एक बड़ा चम्मच पानी इसमें डालें,टमाटर तथा हरी मिर्च वाली प्यूरी इसमें डालें, तेल के अलग हो जाने तक पकाएं.
→अब इसमें मशरूम तथा मटर मिलाएं, 5-6 मिनट के लिए लगातार चलाते हुए फ्राई करें, अब इसमें 2 कप पानी मिलाएं.
→15 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं जब तक कि मटर नर्म न हो जाए, आंच से उतर कर हरे धनिया से सजाये, रोटी और चावल के साथ परोसे.

नवरतन कोरमा सब्जी - Navratan Korma Sabji

सामग्री 
100 ग्राम पनीर
एक कप मखाने

10-12 काजू
10-12 फ्रेंच बीन्स
आधा कप गोभी

एक चौथाई कप गाजर
एक चौथाई कप हरी मटर
10-12 किशमिश
1 मध्यम आकार का प्याज़
2-3 हरी मिर्च
1 इंच का टुकड़ा अदरक
2 मध्यम आकार का टमाटर
3-4 चम्मच घी या तेल
3-4 लौंग
3-4 तेज पत्ता
2 हरी इलायची
1 इंच का टुकड़ा दाल चीनी
2 लाल मिर्च
1 चम्मच धनिया पाउडर
आधा चममच गरम मसाला
• नमक स्वादानुसार
आधा कप खोया (मावा)
आधा कप क्रीम या मलाई
आधा चम्मच चीनी

विधि

→प्याज़ को लम्बे टुकडो में काट के थोड़े से पानी में उबाल के अलग रख दे. ठंडा हो जाने पर प्याज़, अदरक और हरी मिर्च का पेस्ट बना ले, टमाटर को भी पीस कर पेस्ट बना ले.
→सारी सब्जियों को एक इंच के टुकडो में काट के धो ले और एक बर्तन में पानी डाल के उबलने के लिए चढ़ा दे, पकने के बाद अलग रख दे, मखाना और काजू को थोड़े से तेल में करारा होने तक भुन  के अलग रख ले , पनीर को हल्का गुलाबी होने तक तल ले, चाहे तो बिना तले भी डाल सकते है.
→अब कढाई में तेल गरम जीरा, दालचीनी, लौंग, तेजपत्ता,और समूची लाल मिर्च) डाले, मसाले भुन जाने के बाद, प्याज़ का पेस्ट डाले सुनहरा होने तक भूने.
→अब धनिया पाउडर, लाल मिर्च पावडर और टमाटर पेस्ट भी मिला दे, तेल छोड़ने तक मसाला भुने, अब खोये
को कद्दूकस कर के मसाले में मिला दे कुछ मिनट और भुने, फिर एक कप पानी मिला के उबाल आने तक पकाए, अब उबली हुई सब्जिया, पनीर, काजू और मखाने भी मिला दे.
→ताज़ी क्रीम या मलाई को फेट कर मिला दे, किशमिश और आधा चम्मच चीनी भी मिला दे, अब धीमी आंच पर
3-4 मिनट तक सब्जियों को पकने दे. गरम मसाला मिला के आंच से उतर ले.
→गरम रोटी, नान या पूरी के साथ  परोसिये.