Dry Sabji लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Dry Sabji लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

चौलाई का साग Chaulai Ka Saag

चौलाई को अमरनाथ नाम से भी जाना जाता है। चौलाई में आयरन और विटामिन प्रचुर मात्रा में पाया जाता है जो स्वास्थ्य के लिए बहुत ही फायदेमंद है। इसलिए चौलाई साग को अपने भोजन में जरुर शामिल करना चाहिए। आज हम चौलाई का साग बनायेंगे, जो बहुत ही पौष्टिक व स्वादिष्ट लगता है। तो चलिए शुरु करे....

सामग्री    Ingredients
250 ग्राम चौलाई
2 प्याज मध्यम आकार के
4 कली लहसुन
1/2 इंच अदरक का टुकड़ा
2 हरी मिर्च
1 साबुत लाल मिर्च
1/2 टीस्पून मेथी
स्वादानुसार नमक
1 टेबल स्पून तेल

बनाने की विधि   Method
सबसे पहले चौलाई को साफ करके इसकी मोटी डंडी हटा कर नरम भाजी ही लें। अच्छी तरह से धोकर अलग रख लें।

अब प्याज को पतला - पतला काट लें। लहसुन व हरी मिर्च को भी बारीक काट लें। अदरक को कुचल लें।

चौलाई का पानी निथार कर बारीक काट लें।

कड़ाही में तेल डालकर गर्म करें। इसमें मेथी डालकर चटकाए। इसमें लहसुन डालकर हल्का सुनहरा होने दें। अब इसमें हरी मिर्च अदरक डालकर भूनें इसमें लाल मिर्च भी तोड़कर डाल दें। इसमें प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें। अब इसमें कटी हुई चौलाई और नमक डालकर अच्छी तरह से मिलाकर ढककर धीमी आँच पर 10 मिनट तक पकने दें।
जब चौलाई पानी छोड़ दें और साग थोड़ा नरम हो जाये तब ढक्कन खोल दें व आँच तेज करके पानी सूखने तक पकाएँ।

सुझाव- साग में नमक कम ही डाले क्योंकि चौलाई क्षारीय (नमकीन) होता है।

कुरकुरी भिन्डी Kurkuri Bhindi

भिन्डी हमारे हेल्थ के लिए बहुत ही फायदेमंद है, लेकिन कुछ लोग इसे पसंद नहीं करते हैं कारण है इसका चिपचिपापन। लेकिन आज हम कुरकुरी भिन्डी बनायेगें जिसे हर कोई खाना चाहेगा। यह बहुत ही स्वादिष्ट लगती हैं। चलिये शुरु करें कुरकुरी भिन्डी बनाना......

सामग्री  Ingredient

250 ग्राम भिन्डी
4 टेबल स्पून बेसन
1/4 टीस्पून हल्दी
1/2 टीस्पून धनिया पाउडर
1/4 टीस्पून गरम मसाला
1/2 टीस्पून अमचूर पाउडर
1/2 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर
स्वादानुसार नमक
तेल

बनाने की विधि  Method

सबसे पहले भिन्डी को अच्छी तरह से धोकर कपड़े से पोंछ कर सुखा लें।

अब भिन्डी के ऊपर और नीचे की तरफ से थोड़ा सा काटकर हटा दें। भिन्डी को लम्बाई बीच में से दो टुकड़े में काट लें। अब एक भाग को चार पतले-पतले टुकड़े में काट लें। भिन्डी का बीज निकाल दें।

किसी गहरे बर्तन में भिन्डी, बेसन, अमचूर पाउडर और सारे मसाले और नमक डालकर अच्छी तरह से मिला लें। बेसन भिन्डी के ऊपर अच्छी तरह से कोट हो जाना चाहिए। इसे 30मिनट के लिए ढककर रख दें।

अब पैन में तेल डालकर गर्म करें इसमें भिन्डी डाल दें। जितनी भिन्डी आराम से आ सके उतनी ही डाले। आँच को मीडियम कर दें। भिन्डी को एक तरफ से सुनहरा होने के बाद दूसरी तरफ पलट दें। कुरकुरी होने तक भिन्डी तलें।

इसी तरह से बाकी बचे भिन्डी को भी तल लें।

आपकी कुरकुरी भिन्डी बनकर तैयार है। आप इसे दाल चावल के साथ साइड डिश के रुप में परोस सकते हैं या वैसे ही चाय के साथ स्नैक्स के रूप में खा सकते हैं।

सुझाव- भिन्डी तलते वक्त तेल पूरी तरह से गर्म होना चाहिए। तेल कम गरम होने पर भिन्डी ज्यादा तेल सोख लेती है।

भिन्डी को मीडियम व कम आँच पर ही तलें तभी भिन्डी कुरकुरे बनेगें।

अगर कम तेल खाना चाहते हैं तो, इसे सैलो फ्राइ करें।

भिन्डी-आलू फ्राई - Bhindi Aaloo Fry

घर में अक्सर थोड़ी बहुत भिन्डी बच ही जाती है, तो क्यों न इसमें आलू डालकर भिन्डी आलू फ्राई बना लिया जाये? इसमें थोड़े से मसाले और अमचूर डालने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है। तो चलिए शुरू करें भिन्डी आलू बनाना...
सामग्री
250 ग्राम भिन्डी
1-2 आलू
1 प्याज पतले स्लाइस में कटा हुआ
2-3 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
2 कली लहसुन बारीक कटा हुआ
1/4 टीस्पून मेथी
1/2 टीस्पून हल्दी पाउडर
1/4 टीस्पून से भी कम लाल मिर्च पाउडर
1/2 टीस्पून अमचूर
1/4 टीस्पून गरम मसाला
स्वादानुसार नमक
बनाने की विधि
सबसे पहले भिन्डी को धोकर कपड़े से पोंछ कर सुखा लें। भिन्डी को छोटे-छोटे गोल टुकड़ों में काट लें।
आलू को भी छोटे छोटे टुकड़ों में काट लें।
अब पैन में तेल गर्म करें इसमें मेथी डालकर चटकाए फिर लहसुन डालकर भूनें फिर हरी मिर्च डालकर भूनें। अब इसमें आलू डालकर 2 मिनट भूनें। अब आलू को ढककर 4-5 मिनट पकाएँ।
अब इसमें भिन्डी और प्याज डालकर 5 मिनट तक भूनें। फिर इसमें हल्दी, अमचूर,लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और नमक डालकर भूनें।
फिर इसे ढककर भिन्डी के गलने तक धीमी आँच पर पकाएँ।
अन्त में हरा धनिया डालकर गैस बन्द कर दें।
भिन्डी आलू फ्राई सब्जी तैयार है। आप इसे रोटी, पराठा या दाल चावल के साथ सर्व करें।
     

तुरई की सब्जी - Turai Sabji

तुरई जिसे कई जगह नेनुआ भी कहा जाता है,गर्मी के मौसम में ब॒हुत ही फायदेमन्द सब्जी होती है। वैसे तो तुरई की सब्जी कई तरीके से बनाई जाती है, लेकिन आज हम तुरई की एकदम सादी सब्जी बनायेगें जिसमें मसाले का प्रयोग नहीं होगा खासकर यूपी में इसी तरह से तुरई की सब्जी बनायी जाती है। गर्मी में अगर हल्की फुल्की और बिना मसाले की सब्जी खाने का मन करें तो तुरई से बढिया और  कुछ नहीं है।

सामग्री 

500 ग्राम तुरई
2 प्याज पतले स्लाइस में कटा हुआ
स्वादानुसार नमक
1/4 छोटी चम्मच मेथी
1/2 छोटी चम्मच हल्दी
1 बड़ी चम्मच तेल
2 से 3हरी मिर्च

बनाने की विधि

सबसे पहले तुरई को छिलकर धो लेगें। फिर  इसे बीच से चीरा लगाकर छोटे छोटे टुकडों में काट लेगें।

कडाही में तेल डालकर गर्म करेगें फिर इसमे मेथी डालेगें जब मेथी चटकने लगे तब प्याज और हरी मिर्च डालकर प्याज के हल्का गुलाबी होने तक भूनेगें।

अब इसमे हल्दी डालकर भूनेगें इसके बाद तुरई डालकर अच्छी तरह मिलाकर नमक डालकर ढककर धीमी आँच पर पकने देगें बीच में चलाकर देख लेगें कि तुरई ने पानी छोडा है कि नहीं यदि पानी है तो आँच मध्यम कर देगें पानी नहीं है तो आधा कप पानी डालकर फिर से ढककर पकने देगें।

जब तुरई गल जाये और पानी सूख जाये तो गैस बन्द कर देगें।
इसे रोटी या पराठा के साथ खायें और खिलाएं


तुरई चना दाल की सब्जी - Turai Chana Dal Sabji

तुरई की सब्जी सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद है। एक ही तरह की सब्जी बनाते बनाते बोर हो गए हैं तो आज तुरई को चना दाल के साथ बनाए जो खाने में बहुत ही टेस्टी लगेगा। इसमें मैंने बहुत ही कम मसाले का प्रयोग किया है। आप चाहें तो बिना मसाले के भी इसे बना  सकते हैं।
सामग्री
2 तुरई
1 कप चना दाल भिगोये हुए
1 प्याज बारीक कटे हुए
1 टमाटर बारीक कटे हुए
2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
1 छोटी चम्मच लहसुन अदरक का पेस्ट
1/2 छोटी चम्मच हल्दी
1/4 छोटी चम्मच जीरा
1 तेजपत्ता
1/2 छोटी चम्मच धनिया पाउडर
1/2 छोटी चम्मच गरम मसाला
स्वादानुसार नमक
2 बड़े चम्मच तेल
2 बड़े चम्मच हरा धनिया बारीक कटा हुआ
बनाने की विधि
सबसे पहले तुरई का छिलका उतार कर धो लिजिए। फिर इसे छोटे छोटे-छोटे टुकड़ों में लिजिए।
अब कुकर में तेल डालकर गर्म करें इसमें तेजपत्ता डाले फिर जीरा डालकर चटकने दें। फिर इसमें प्याज और हरी मिर्च डालकर गुलाबी होने तक भूनिये अब इसमें अदरक लहसुन का पेस्ट डाल कर कुछ देर सुनहरा होने तक भूनिये।
अब इसमें टमाटर डालकर थोड़ी देर भूनिये। अब इसमें धनिया, हल्दी डालकर अच्छी तरह भूनिये। फिर इसमें तुरई डालकर कुछ देर भूनिये। अब इसमें चना दाल,नमक और गरम मसाला डालकर कुछ सेकंड चलाए फिर 1 कप पानी डालकर ढक्कन बंद कर दीजिए। मीडियम आंच पर 3से4  सीटी आने के बाद गैस बंद कर दीजिए।
प्रेशर खत्म होने पर कुकर खोलिए सब्जी को अच्छी तरह चलाईए अगर पानी ज्यादा लग रहा है तो फिर से गैस पर चढा दीजिए।
सब्जी को बाउल में निकाल कर ऊपर से हरे धनिये से गार्निश करके  रोटी या पराठा के साथ सर्व करें।