Sweet - Recipes लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Sweet - Recipes लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

खजूर के लड्डू Khajur ke ladoo

जन्माष्टमी पर कई तरह के पकवान बनाकर श्रीकृष्ण जी को भोग लगाया जाता है। इस बार खजूर के लड्डू बनाइये और श्रीकृष्ण जी को भोग लगाइए खजूर के लड्डू बहुत ही हेल्दी और टेस्टी होते हैं। इसे बनाना बहुत ही आसान है और समय भी कम लगता है, तो चलिए शुरु करते हैं इसे बनाना.... 

सामग्री   Ingridrient
500 ग्राम खजूर
1/4 कप बादाम
1/4 कप काजू
1/4 कप मखाना
1 कप कसा नारियल
1/4 कप सफेद तिल 
4 टेबल स्पून खसखस
2 टेबल स्पून घी
1/4 टीस्पून इलायची पाउडर

बनाने की विधि    Method
सबसे पहले खजूर को धोकर पानी सुखा लें। खजूर के बीज निकाल कर खजूर को छोटे- छोटे टुकड़े में काट लें। बादाम और काजू को छोटे- छोटे टुकड़े में काट ले।मखाने को भी काट लें। 
अब कढ़ाही गरम करके तिल को भून लें। फिर एक- एक करके सारे ड्राई फ्रूट को भून लें। 
खजूर को मिक्सर जार में डालकर दरदरा पीस लें। 
अब कढ़ाही में घी डालकर गरम करें। इसमें खजूर का पेस्ट डालकर 4-5 मिनट नमी खत्म होने तक भून लें।खजूर धीरे- धीरे कढ़ाही के किनारे छोड़ने लगेगा। अब इसमें सारे ड्राई फ्रूट, तिल, खसखस और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें। 
इसे थोड़ा ठंडा होने दें। 
हथेली पर थोड़ा घी लगाकर चिकना कर लें। मिश्रण में से नींबू के बराबर मिश्रण लेकर छोटे- छोटे लड्डू बना लें। 
खजूर के लड्डू को एअर टाइट कन्टेनर में भरकर 1 महीने तक खा सकते हैं। 

परवल की मिठाई Parwal Ki Mithai

रक्षाबंधन के मौके पर कई तरह के पकवान बनाये जाते हैं, विशेष रूप से मिठाई इस रक्षाबंधन परवल की मिठाई बनाये, जो बनाने में बहुत ही आसान है और सबको पसंद भी आयेगी। परवल की मिठाई बनाने में बहुत ही कम सामाग्री और समय लगता है तो चलिए शुरु करते हैं इसे बनाना... 

सामाग्री  Ingredients
250 ग्राम परवल
150 ग्राम चीनी
100 ग्राम मावा
2 टेबल स्पून चीनी पाउडर 
2 टेबल स्पून बादाम
1/4 टीस्पून इलायची पाउडर
15 केसर (वैकल्पिक) 
बनाने की विधि – Method
सबसे पहले परवल को अच्छी तरह से धोकर छिल लें। परवल को लम्बाई की तरफ से इस तरह से काटे कि दोनों किनारे सटे रहे। अब चाकू की सहायता से परवल के अंदर से गूदे को ध्यानपूर्वक निकाल लें। एक बार उँगली की सहायता से चैक कर लें कि बीज पूरी तरह से निकल गए हैं कि नहीं। 
किसी बर्तन में पानी उबलने के लिए रख दें। जब पानी में उबाल आने लगे तब परवल को पानी में डाल दें। 5 मिनट बाद गैस बंद कर दें। परवल को ढककर पानी में ही 5 मिनट तक रहने दें। 5 मिनट बाद परवल को छलनी में छान लें। इसे तिरछा करके रख दें ताकि एक्स्ट्रा पानी निकल जाए। 
अब चाशनी बनाएँगे इसक लिए किसी बर्तन में चीनी और 3/4 कप पानी डालकर पकने के लिये गैस पर रख दें। चीनी के घुलने तक इसे चलाते रहें। चाशनी ज्यादा गाढ़ी नहीं बनानी है। हमें एक तार की चाशनी बनानी है। इसे उंगलियों के बीच चिपका कर देखे की एक तार बन रही है कि नहीं अगर एक तार बन रही है तो चाशनी तैयार है यदि एक तार नही बन रही है तो थोड़ी देर और पका लें। 
परवल को चाशनी में डाल दें और तब तक पकने दें जब तक कि परवल का रंग बदल न जाये। बीच में एक बार परवल को पलट दें। इसमें लगभग 10 मिनट लगता है। 
परवल को ढककर 1 घण्टे के लिए चाशनी में ही रहने दें। अब स्टफिंग बनाएँगे। एक पैन में मावा डाल कर धीमी आँच पर गुलाबी होने तक भून लें। बादाम को मिक्सी में दरदरा पीस लें। मावा में बादाम, इलायची पाउडर,और चीनी पाउडर डाल कर मिक्स कर लें। स्टफिंग भरने के लिए तैयार है।
1घण्टे बाद परवल को चाशनी से निकाल कर किसी प्लेट में रख दें ताकि एक्स्ट्रा चाशनी निकल जाये। 
एक परवल को उठाईये उसमे 1चम्मच स्टफिंग भरिए। इसी तरह से सारे परवल भर कर तैयार कर लीजिए।ऊपर से कटे हुए बादाम व केसर से गर्निश करके सर्व करें। 
परवल की मिठाई को फ्रिज में रखकर 1 हफ्ते तक खा सकते हैं। 
सुझाव 
परवल ताजा व बड़े आकार के ही चुनें। 
ड्राई फ्रुट्स अपने मनपसंद के भी डाल सकती हैं। 

chana dal burfi चना दाल बर्फी

चना दाल प्रोटीन, विटामिन्स व मिनरल्स से भरपूर होता है, जो सेहत के लिए बहुत ही लाभदायक होता है। चना दाल से बड़े , पकौड़े व सब्जी बनायी जाती है, लेकिन आज हम आपको चना दाल की बर्फी बनाना बतायेगें।चना दाल बर्फी खाने में बहुत ही स्वादिष्ट होती है। चना दाल बर्फी बनाना बहुत ही आसान है। आइये शुरू करते हैं इसे बनाना... 

सामग्री Ingridrient

चना दाल 1 कप (200 ग्राम) 

चीनी 1 कप (200 ग्राम)

दूध 2 कप (400 ग्राम) 

घी 1/2 कप (100 ग्राम) 

इलायची 5-6

बादाम 20

काजू 20

पिस्ता 1 टेबल स्पून

नारियल का बूरा 1 टेबल स्पून (सजाने के लिए) 

विधि  Method


सबसे पहले चने की दाल को साफ करके पानी में 2 -3 घंटे के लिए भिगो कर रख दें।

2 घंटे बाद दाल को छलनी में डालकर सारा पानी निकाल लें। दाल को 5 मिनट के लिए छलनी में ही रहने दें। ऐसा करने से पानी पूरी तरह से निकल जाएगा। 

सभी ड्राई फ्रूट्स को छोटा- छोटा काट लें। अपनी मनपसंद ड्राई फ्रूट आप चना दाल की बर्फी में डाल सकती हैं।

इलायची के दानों को भी बारीक दरदरा पीस लें इससे चना दाल बर्फी का स्वाद और भी बढ़ जाएगा। 

अब दाल को निकालकर कपड़े पर डालकर थोड़ा सा पोंछ लें।

एक पैन गरम करके इसमें घी डालें, घी जब पिघल जाए तब आप इसमें दाल डालकर इसे लगातार चलाते हुए हल्का सा रंग बदलने और क्रिस्पी होने तक तेज आग पर भूनें, इसे भूनने में 10-15 मिनट लग जाता है। 

जब दाल भुन जाए तब इसे एक प्लेट में निकालकर ठंडा होने के लिए रख दें।

जब दाल हल्की ठंडी हो जाये तब इसे मिक्सर जार में डालकर बारीक सूजी के तरह पिस लें।

पैन में चीनी और दूध डालकर चीनी को दूध में घुलने तक बीच-बीच में चलाएं। दूध में चीनी के घुलने पर गैस मीडियम कर दें इसमें पिसी हुई दाल डालकर अच्छी तरह से चलाये ताकि गुठलिया न बने। साथ ही बचा हुआ घी भी इसमें डालकर मिक्स करें और इसे बर्फी की जमने वाली कन्सिस्टेन्सी तक पकाएं।

पेस्ट गाढ़ा होने पर गैस धीमी कर दें और इसमें थोड़े से मेवे डाल दें। इलायची पाउडर डालकर सारी चीजों को अच्छे से मिलाएं जब आपको ये लगे कि बर्फी के मिश्रण में जमने वाली कन्सिस्टेन्सी आ गई है तब आप गैस को बंद कर दें। इसे पकाने में 15-20 मिनट लग जाते हैं। 

जिस प्लेट या ट्रे में आपको बर्फी बनानी है उस पर घी लगाकर उसे चिकना कर लें इससे बर्फी जमने के बाद प्लेट पर चिपकेगी नहीं। गैस बंद करने के बाद आप सारे मिश्रण को या जितना एक बार में प्लेट में आ जाए उसे डालकर बराबर फैला दें। बर्फी के मिश्रण पर ऊपर से ड्राइ फ्रूट डालें और उन्हें चम्मच से दबा दें इससे वो बर्फी पर अच्छे से चिपक जाएंगे। 

बर्फी को ठंडा होने के लिए कुछ देर तक रख दें। जमने के बाद आप इसे जिस आकार में चाहें वैसे ही चाकू से काटकर इसके पीस बना लें। सर्विंग प्लेट में बर्फी रखकर सर्व करें। आप चाहे तो ऊपर से नारियल के बूरे से गार्निश कर सकती हैं। इस बर्फी को एयरटाइट कन्टेनर में भरकर रख दें। फ्रिज मे रखकर 2-3 हफ्ते तक खाया जा सकता है। 

सुझाव-

बर्फी बनाने से पहले दाल को खाकर या दबाकर भी चैक कर सकती हैं कि दाल भुन गई है या नही। चना दाल को भूनते समय चैक जरूर करें, यह पूरी क्रंची बननी चाहिए।

चाशनी में पिसी हुई दाल डालकर लगातार चलाते हुए पकाएं नहीं तो गुठलियां बन जाती हैं।

बर्फी के प्लेट को 1 मिनट के लिए गरम कर लें इससे बर्फी आसानी से निकल जायेगी। 


जलेबी Jlebi

जलेबी भारत की एक पारम्परिक मिठाई है.जलेबी लगभग सबकी पसंदीदा मिठाई है। जलेबी को कहीं समोसा के साथ खाया जाता है तो कहीं दही या रबड़ी के साथ। लॉकडाउन में अगर जलेबी खाने का मन करे तो क्यों न घर पर ही जलेबी बना लिया जाए।आमतौर जलेबी बनाने के लिये यीस्ट का प्रयोग किया जाता है,लेकिन आज हम बिना यीस्ट के जलेबी बनाएंगे वो भी एकदम कुरकुरी व रसीली। वैसे तो जलेबी बनाना आसान है, लेकिन तेल में इसके आकार को बनाना थोड़ा कठिन है लेकिन कई बार के प्रयास से ये बन ही जाता है, चलिए शुरू करते हैं जलेबी बनाना...               समाग्री- Ingredient 

मैदा- 1 कप (125 ग्राम )  

चावल का आटा-50 ग्राम

चीनी- 2 कप (450 ग्राम ) 

बेकिंग पाउडर - 1/3 छोटी चम्मच   

इलायची- 6-7

नींबू - ½ या 1 छोटी चम्मच रस 

घी या रिफाइन्ड तेल- जलेबी तलने  

बनाने की विधि(Method) -

जलेबी बैटर तैयार करें  

मैदा को एक बड़े बर्तन में लीजिए, बेकिंग पाउडर डालकर मिला लीजिए। अब मैदा में थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए मैदा की गुठलियां खत्म होने तक चिकना घोलकर बनाकर तैयार कर लीजिए। 

 बैटर को बहुत ज्यादा पतला या ज्यादा गाढ़ा नहीं करना हैं, बैटर तैयार हैं., इतना बैटर बनाने में 3/4 कप पानी लगा है।इस बैटर को गरमी में10-12 घंटे के लिए और ठण्डी में 24 घंटे के लिए रख दें। 

चाशनी - 

अब चाशनी बनाएंगे। इलायची को छीलकर कूट लीजिये।चाशनी बनाने के लिए एक बड़े बर्तन में चीनी और डेढ कप पानी डालकर पकने के लिये रख दीजिए, चीनी को तब तक चलाते रहिये जब तक वह पूरी तरह स‌े पानी में घुल न जाए वरना चीनी तले में चिपक जायेगी हर 1-2 मिनिट में चलाते रहे। चीनी पानी में घुलने के बाद चाशनी को 10 मिनिट और पका लीजिए। 

अब इसे चैक कीजिये, चमचे से 1- 2 बूंद चाशनी की किसी प्याली में निकालिये, ठंडी होने के बाद, उंगली और अंगूठे के बीच चिपकाइये, चाशनी में 1 तार बन रही हो तो, चाशनी बन कर तैयार है, अगर चाशनी में तार बिलकुल नहीं बन रहा है, तब उसे और 1-2 मिनिट पकाइये। 

चाशनी में 1 छोटी चम्मच नींबू का रस‌ मिला लीजिए, जिससे कि चाशनी जमेगी नहीं। इस‌में कुटी हुई इलायची पाउडर डाल कर मिला दीजिए, चाशनी बनकर तैयार हैं। 

जलेबी बनायें
जलेबी बनाने के लिए कड़ाही में घी डालकर गरम  कीजिए।जलेबी बनाने सेे पहले घोल में चावल का आटा डालकर अच्छी तरह फेेट ले,क्योंकि फूूूूलने केे बाद बैटर थोड़ा पतला हो जाता है। जलेबी बनाने के लिए बैटर  तैयार है. जलेबी बनाने के लिए बैटर को किसी प्लास्टिक के कोन या फिर किसी साॅस की बोतल में बैटर भर कर बना सकते हैं या फिर कोन को ग्लास के ऊपर रखकर बैटर को कोन में भर लीजिए। कोन को नीचे से बिलकुल छोटा सा काट लीजिए। मीडियम गरम तेल होने पर, कोन को थोड़ा- थोड़ा दबाते हुए इसकी की धार को हाथ से -गोल गोल चलाते हुये कढ़ाई में डालिये, और जलेबी का आकार दीजिये, जितनी जलेबी कढ़ाई में आ जाय उतनी जलेबी कढ़ाई में डाल दीजिए। 

जलेबी को पलट पलट कर क्रिस्पी और गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिए। एक बार के जलेबी तलने मे 3 मिनट का समय लगता है। जलेबी के क्रिस्पी और गोल्डन ब्राउन होने पर जलेबी को निकालकर कलछी पर रख लीजिए, जिससे उस‌का अतिरिक्त घी कड़ाही पर वापस चला जाए, और गरम जलेबी को तुरन्त चाशनी में डाल दीजिए। 1-2 मिनट तक जलेबी को चाशनी में डूबा रहने दीजिए, जलेबी के अन्दर चाशनी भर जाती है, उसके बाद उसे चाशनी से निकाल कर प्लेट में रखें। इसी तरह सारी जलेबी तल कर चाशनी में डालकर तैयार कर लीजिए। 

गरमा गरम स्वादिष्ट जलेबी बनकर तैयार हैं, इसे परोसिये और लॉक डाउन में होम मेड जलेबी का मजा लीजिए। 

सुझाव

1-जलेबी के लिए बैटर बहुत ज्यादा पतला या बहुत ज्यादा गाढ़ा नहीं होना चाहिए।  

2-जलेबी तलने के लिए घी मीडियम से थोडा़ सा ज्यादा गरम होना चाहिए।अगर तेल कम गरम होगा तो जलेबी फूलेगी नहीं और अगर ज्यादा गरम होगा तो जलेबी जल्दी से जल जाएगी। 

3-जलेबी को हल्की गरम चाशनी में डुबायें, चाशनी जलेबी के अन्दर तुरन्त चली जायेगी और बहुत अच्छी जलेबी तैयार होंगीं।  यह जलेबी को 8-10 घंटे बाद भी कुरकुरी बनी रहतीं हैं। 

4-आप चाहें तो घोल में एक पिंच लाल या ऑरेंज फूड कलर मिला सकती हैं।   

5-फ्लैट पैन या कढाही का ही प्रयोग करे। 


बेसन के लड्डू Besan Ke Ladoo

2 कप बेसन (200 ग्राम)
1 कप चीनी पिसा हुआ (200 ग्राम)
1/2 कप घी(100 ग्राम)
4 इलायची
10-12 काजू

बनाने की विधि  Method

सबसे पहले बेसन को छान लें।

कढाही में घी डालकर गर्म करें। इसमें बेसन डालकर चमचे से लगातार चलाते हुए सोंधी खुशबु व ब्राउन होने तक भूनें। इसे थाली में निकाल कर ठंडा होने के लिए रख दें।

जब तक बेसन ठंडा हो रहा है तब तक इलायची को पीस लें और काजू को भी बारीक - बारीक काट कर रख लें।

अब बेसन में चीनी, इलायची व काजू डालकर अच्छी तरह से से मिला लें। अब इस मिश्रण से थोड़ा मिश्रण हाथ में लेकर नींबू के बराबर गोल - गोल लड्डू बना लें।

सुझाव- मोटा व दानेदार बेसन ही लें लड्डू स्वादिष्ट बनेंगें।

मालपुआ Malpua

मालपुआ एक पारम्परिक व्यंजन है। यह खासकर नार्थ इन्डियन घरों में बनाया जाता है। इसे तीज-त्यौहार व कथा वगैरह में प्रसाद के रूप में भी बनाया जाता है। वैसे तो मालपुए अलग-अलग जगह पर अलग अलग तरीके से बनाया जाता है जैसे मैदा में दूध मिलाकर, मावा मिलाकर, या फलों को मिक्स करके मालपुए बनाये जाते हैं। पारम्परिक रुप से मालपुआ आटे से ही बनाये जाते हैं, लेकिन आज हम मैदा और दूध से मालपुए बनाऐगें। फिर चाशनी में डुबोकर सर्व करेंगे। खाने में बहुत ही स्वादिष्ट लगता है। चलिए शुरु करें मालपुए बनाना......

सामग्री   Ingredients

1 लीटर फुल क्रीम दूध 
30 ग्राम मैदा 
2 बड़े चम्मच चीनी 
1/4 चम्मच इलाइची पाउडर 
घी फ्राई करने के लिए 

चाशनी बनाने के लिए 
300 ग्राम चीनी 
केसर के कुछ धागे 

सजाने के लिए 
2 बड़े चम्मच बादाम और पिस्ता (बारीक कटे हुए)

बनाने की विधि   Method

सबसे पहले दूध को किसी भारी बर्तन में उबाले, जब दूध गाढ़ा (आधे से कम) हो जाये तो गैस बंद कर के दूध को ठंडा होने दे।

चीनी और 1 कप पानी मिला के गैस पर चढ़ा दे। एक चम्मच दूध  में केसर भिगो दें। जब चाशनी उबलने लगे उसके बाद 4-5 मिनट और पका लें। एक तार की चाशनी बन जाये तो गैस बंद कर के केसर मिला दे।

अब ठन्डे दूध में मैदा इलाइची पाउडर और 2 चम्मच चीनी मिला के जलेबी जैसा घोल बना ले।घोल न ज्यादा गाढा चाहिए और न ज्यादा पतला होना चाहिए। इसे 3 घंटे के लिए ढककर रख दें।

अब एक सपाट पैन या कम गहरी कढाही गरम करे उसमे घी डाले और एक बड़ा चम्मच या आधा चम्मच घोल डाले घोल अपने आप ही फैल जायेगा। धीमी आंच पर पकने दे।

जब पुए के किनारे सुनहरे होने लगे (लगभग दो मिनट बाद) तो उसे पलट के दूसरी तरफ से भी सेक ले।

दोनों तरफ से सिकने के बाद पुए निकालकर चाशनी में डाल दे। इसी तरह से बाकी लगभग घोल से पुए बनाकर चाशनी में डाल दें।

फिर चाशनी से मालपुए निकाल कर पिस्ता और बादाम से सजाकर गरम गरम परोसे

आप चाहें तो मालपुए को रबड़ी के साथ भी खा सकते हैं। इसका स्वाद बढ़ जाता है।

सुझाव: पैन छोटा है तो एक बार में एक ही मालपुआ डालें अगर पैन बड़ा है तो 2-3 मालपुए डाल सकते हैं।

शाही ब्रेड टुकड़ा Shahi Bread Tukda

शाही ब्रेड टुकड़ा एक तरह का मुगलई डिश है। जिसमें ब्रेड के सुनहरे व कुरकुरे टुकड़े को चाशनी में डिप करके रबड़ी के साथ परोसा जाता है। जब भी ज्यादा मीठा खाने का मन करे शाही टुकड़ा को बना सकते हैं। इसे त्योहार पर भी बनाया जा सकता है।यह बहुत ही स्वादिष्ट डिश है तो चलिए शुरु करे शाही ब्रेड टुकड़ा बनाना...
सामग्री  Ingredients

6 ब्रेड व्हाइट या ब्राउन
1 कप चीनी (200 ग्राम) चाशनी के लिये
3 कप दूध 750 मिली
1 टेबलस्पून चीनी रबड़ी में डालने के लिए
5-6 बादाम कटे हुए
5-6 पिस्ता कटे हुए
1/4 टीस्पून से कम इलायची पाउडर
100 ग्राम देशी घी
बनाने की विधि   Method

चाशनी बनाये
सबसे पहले चाशनी बना लें। इसके लिए किसी बर्तन में चीनी और आधा कप पानी डालकर मिलाये और चाशनी बनने के लिये गैस पर पकने दें। चाशनी में उबाल आने और चीनी घुलने के बाद, 2 मिनट पकाने के बाद चाशनी को चैक करें, चाशनी की 1-2 बूंद किसी बर्तन में गिराये और ठंडी होने पर उंगूठे और उंगली के बीच चिपका कर देख लें, चाशनी चिपकनी चाहिये और छोटा सा 1 तार निकलना चाहिये, यानी कि 1 तार की चाशनी बनकर तैयार है।

रबड़ी बनाये
अब रबड़ी बनायेगें। इसके लिए दूसरे किसी भारी तले के बर्तन में दूध डालकर गरम होने के लिए रख दें, मीडियम गैस पर दूध को गरम होने दें। दूध के ऊपर जैसे ही मलाई की परत आ जाय उसे दूध में मिलाते जाये। कलछी को दूध के तले ले जाते हुए चलाये ताकि दूध तले में लगे न। जब दूध का 1/4 भाग बचे तो उसमें चीनी व इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह से मिलाकर गैस बन्द कर दें रबड़ी तैयार है।

ब्रेड तलें
शाही टुकड़े के लिये ब्रेड को 2 भागों में तिकोना या आयताकार जैसे आप चाहें उस तरह से काट लें। घी को गरम करें, मीडियम गर्म घी में ब्रेड के 2-3 टुकड़े डाल दें और गोल्डन ब्राउन होने तक तल कर निकाल लें।इसी तरह से सारे ब्रेड के टुकड़े तल कर निकाल लें।

शाही ब्रेड टुकड़ा तैयार करें
ब्रेड का एक एक टुकड़ा उठाकर चाशनी में डुबो दें। 10-15 सेकेन्ड तक डूबाने के बाद उसे निकाल कर प्लेट में रखें। इसी तरह से सारे टुकड़े चाशनी में डुबाकर निकाल लें।

अब चाशनी में भिगे ब्रेड के टुकड़े पर एक या दो चम्मच रबड़ी लगा कर रखते जायें, ऊपर से बादाम व पिस्ता के टुकड़े लगाकर शाही ब्रेड टुकड़ा सर्व करें।

सुझाव- आप ज्यादा मीठा नहीं पसंद करते हैं तो ब्रेड को चाशनी में न डालें।
ब्रेड को कुरकुरा करने के लिए धीमी आँच पर ही तलें।
आप कम तेल खाना चाहते हैं तो ब्रेड को सैलो फ्राई कर सकते हैं। इसके लिए पैन में दो टेबल स्पून तेल डालकर ब्रेड को कुरकुरा होने तक दोनों तरफ से सेक लें।

सिंघाड़े की बर्फी Singhadhe ki Brfi

सावन का महीना शुरु हो गया है। इस महीने में कई तरह के व्रत पडते हैं खासकर सावन के सोमवार का व्रत जो लगभग सभी लोग करते हैं। वरत में लोग फलाहार ही लेते हैं।इस व्रत के फलाहार में सिंघाड़े के आटे की बर्फी बनाइए जो स्वादिष्ट व सेहत से भरपूर भी है। आपको जरूर पसंद आएगा। इसे बनाना भी आसान है।

सामग्री   Ingredients

1 कप सिंघाड़े का आटा(100 ग्राम)
1/2 कप चीनी(100 ग्राम)
2 टेबल स्पून घी
3-4 इलायची कुटी हुई
1टेबल स्पून किशमिश
8 काजू बारीक कटे हुए
8 बादाम बारीक कटे हुए
2 टेबल स्पून सूखा नारियल कद्दूकस की हुई

बनाने की विधि  Method

सबसे पहले सिंघाड़े के आटे को छान लें। कढाही में घी डालकर गर्म करें। अब इसमें सिंघाड़े का आटा डालकर चमचे से चलाते हुए धीमी आँच पर भूनें। आटे को लगातार चलाते रहें ताकि आटा कढाही में न लगे।
आटे को सुनहरा होने व सोधीं खूशबू आने तक भूनें। लगभग 8-10 मिनट में आटा भून जायेगा।

अब आटे में 3 कप पानी व चीनी डालकर अच्छी तरह से चलाते हुए मिला लें आटे में गुठलियाँ नहीं पड़नी चाहिए। इसमें सूखे मेवे व इलायची डाल दें। घोल को गाढ़ा होने तक लगातार चलाते हुए पकाएँ। धीरे धीरे घोल हलवे  जैसा गाढ़ा हो जायेगा।
 
एक थाली में घी लगाकर चिकना कर लें। इसमे हलवे को निकाल कर चारो तरफ आधा इन्च की मोटाई में फैला दे। इसके ऊपर बादाम के टुकड़े चिपका दें। इसे 20 मिनट के लिए छोड़ दें।ठन्डा होने के बाद चाकू से मनपसन्द आकार के टुकड़े में काटकर व्रत में खायें व खिलायें।

मीठा चीला Meetha Chila

अगर बच्चों ने अचानक कुछ मीठा खाने की डिमांड कर दी तो मीठे चीले एक बढ़िया विकल्प है। इसे तुरत फुरत में बनाया जा सकता है। मीठे चीले बनाना बहुत ही आसान है और कम भी लगता है। यह खाने में बहुत टेस्टी लगता है। बच्चों के टिफिन बॉक्स में भी दिया जा सकता है। उन्हें पसंद भी आयेगा। चलिए शुरु करते हैं मीठे चीले बनाना...

सामग्री Ingredients 

1कप गेहूं का आटा
1/2 कप चीनी
1/4 टीस्पून इलायची पाउडर 
1 कप पानी
सेकने के लिए तेल
बनाने की विधि   Method
सबसे पहले आटा को छान लें। किसी गहरे बर्तन में आटा,चीनी व इलायची पाउडर पानी डाल कर अच्छी तरह से फेंट लें ताकि घोल में कोई गुठली न पड़े। घोल पकौड़े के घोल के जितना पतला रहेगा। इसे 15 मिनट के लिए ढककर छोड़ दें ताकि यह फूल जाये।
नानस्टिक तवे पर या फिर लोहे के तवे पर चम्मच से या कपडे की मदद से तेल लगा लें। तवा गर्म होने पर आँच कम कर दे। फिर एक कलछी घोल लेकर तवे पर डाल कर कलछी की मदद से चारों तरफ गोलाई में फैला दें। चीले को बहुत ज्यादा पतला नहीं करना है थोड़ा मोटा ही रखें। 1 चम्मच तेल चीले के चारों तरफ गिरा दें। नीचे की परत सुनहरा होने के बाद चमचे की मदद से चीले को पलट दे। दूसरी तरफ से भी सुनहरा होने तक सेक लें। चीले को तवे से उतार कर प्लेट में रखे। इसी तरह से बचे घोल से चीले बनाकर तैयार कर लें।
गरम गरम मीठे चीले को अचार, सब्जी के साथ खायें या सिर्फ मीठे चीले ही खायें।

आटे का हलवा Aata Halwa

आटे का हलवा एक पारम्परिक भारतीय व्यंजन है।आटे का हलवा उत्तर भारत में अधिक लोकप्रिय है। इसे प्रसाद के रूप में व तीज त्यौहार पर भी बनाया जाता है। जो खाने में स्वादिष्ट व पौष्टिक भी है।
सामग्री Ingredients

100 ग्राम आटा
100 ग्राम घी
90 ग्राम चीनी
8 काजू (छोटे टुकड़ों में कटा हुआ)
8 पिस्ता (लम्बाई में कटा हुआ)
1 टेबल स्पून किशमिश
5-6 छोटी इलाइची (बारीक कुटी हुई)

बनाने की विधि  Method of making

सबसे पहले आटे को छान लें। कढ़ाई में आधा घी डाल कर गर्म करें। फिर आटा डालकर धीमी व मध्यम आँच पर लगातार चलाते हुये, सुनहरा होने तक और अच्छी महक आने तक भूनें।

भूने हुये आटे में,3 कप पानी और चीनी डाल कर मिलायें। आटे को तब तक चलाते रहें ,जब तक उसकी सारी गुठलियां खत्म हो जाये, कटे हुये काजू और किशमिश भी मिला दें। हलवे को धीमी आग पर लगातार चलाते हुए पकाएं, ताकि हलवा कढ़ाई के तले में न लगे।

जब हलवा गाढ़ा हो जाये तब बचा घी डाल कर मिलाएं और लगातार चलाते हुये हलवे को पकाएं, जब हलवा कढ़ाई के किनारों को छोडने लगे तो समझे कि हलवा बनकर तैयार है।  हलवे में इलाइची डाल कर मिलाएं।

आटे के हलवे को कटोरी में निकालकर बारीक कटे हुए ड्राई फ्रूट्स से गार्निश करके गरमा गरम आटे हलवा सर्व करें।

Shakrpare Khurma - शकरपारे या मीठा खुरमा

शकरपारे जिसे कई जगह खासकर यूपी में खुरमा भी कहा जाता है। यह उत्तरी भारत का एक लोकप्रिय मिठाई है। जिसे आप किसी त्यौहार पर या कभी भी बना सकते हैं। मैदा के कुरकुरे टुकड़े को चीनी की चाशनी में कोट करके बनाया जाता है। चलिए शुरू करते हैं शकरपारे बनाना...

सामग्री
200 ग्राम (2 कप)मैदा
50 ग्राम (1/4 कप) घी मोयन के लिये
150 ग्राम ( एक कप)चीनी
तलने के लिये तेल या घी
बनाने की विधि

मैदा को किसी बर्तन में छान कर निकालिये, घी डालिये
और हाथ से मैदा और घी को अच्छी तरह मिलने तक मिला लीजिये।
पानी की सहायता से मैदा को पूरी से भी थोड़ा सख्त
आटा गूथिये।  आटे को सेट होने के लिये 20 मिनट तक ढककर  रख दीजिये।
गुथे हुये आटे से 2 लोई बना कर तैयार कीजिये। एक लोई को उठाइये और गोल करके 10-11 इंच के व्यास में, 1/4 सेमी. मोटी पूरी बेलिये। चाकू से आधा इंच की दूरी पर काटिए।  दूसरी ओर से भी इसी तरह काटकर चौकोर या तिकोना शकर पारे बनाकर तैयार कीजिये।दूसरी लोई को भी इसी तरह बेलकर अपने मनपसन्द आकार या तिकोना आकार के शकरपारे काट कर तैयार कर लीजिये।
कढ़ाई में घी डालकर गरम कीजिये, गरम घी में जितने शकरपारे आ जाएं डालिये और दोनों तरफ से ब्राउन होने तक तल कर निकाल लीजिये, शकर पारे धीमी और मीडियम गैस पर ही तले। सारे शकर पारे इसी तरह तल कर तैयार लीजिये।

चाशनी बनाइये

पैन में चीनी डालिये और आधा कप पानी मिलाइये, गैस
पर उबलने के लिए रखिये, चाशनी को चीनी घुलने तक पकने दीजिये, चीनी घुलने के बाद चाशनी को टेस्ट कीजिए।
एक बूंद चाशनी की किसी प्याले में टपकाइये और ठंडा
होने के बाद चाशनी को उंगली से उठाइये, उंगली और अंगूठे के बीच चिपका कर देखिये, ऊंगली और अंगूठे को अलग करते समय चाशनी में 2 तार निकलने चाहिये, अगर ऊंगली के बीच 2 तार निकलते हैं तो समझिए कि 2 तार की चाशनी बनकर तैयार है। 
तैयार चाशनी में तले शकर पारे डालिये और शकर पारे
अच्छी तरह शक्कर कोट होने तक चमचे से चला कर मिलाते रहिये। चीनी कोट होने के बाद शकरपारे अच्छी तरह ठंडा होने के बाद, एअर टाइट कन्टेनर में भर कर रख लीजिये और जब भी आपका मन हो शकर पारे
कन्टेनर से निकालिये और खाये।
नोट-शकरपारे को चाशनी में मिलाते समय थोड़ा सा मैदा छिड़क दीजिए जिससे शकरपारे आपस में चिपकेगें नही। 

आप चाहें तो मैदा की जगह आटा प्रयोग कर सकते हैं या आधा आटा आधा मैदा। 

शाही खोया टोस्ट - Shahi Khoya Tost

जब कभी भी कुछ मीठा खाने का मन करे तो क्यों न शाही खोया टोस्ट बना लिया जाये? इसमे ब्रेड फ्राई करने के बाद एकदम क्रन्ची हो जाता है और ऊपर से खोये व ड्राई फ्रूट्स की लेयर इसके स्वाद को और भी बढा़ देती है इसे बच्चे बहुत पसन्द से खाते हैं। इसे बनाना बहुत ही आसान है और कम समय में बन जाता है।

सामग्री
6से7ब्रेड स्लाइस
2 टेबलस्पून भूना खोया
2 टेबलस्पून चीनी पिसा हुआ
2 टेबलस्पून दूध
1 टीस्पून बादाम बारीक कटे हुए
1 टेबलस्पून नारियल का बूरा
1/2 टेबलस्पून किशमिश
1 टेबलस्पून अनार के दाने
1 कप देशी घी
बनाने की विधि
सबसे पहले ब्रेड के स्लाइस को गोल आकार में काट लें।

खोया में दूध व चीनी मिलाकर फेंटकर पेस्ट बना लें।

पैन में घी गर्म करके ब्रेड स्लाइस को कुरकुरा होने तक फ्राइ कर लें।

अब इस फ्राइ ब्रेड के ऊपर खोये का पेस्ट अच्छी तरह लगा लें।

अब इसे सर्विसिंग प्लेट में रखकर ऊपर से नारियल का बूरा छिड़कें फिर किशमिश, बादाम व अनार के दाने से गार्निश करके शाही खोया टोस्ट सर्व करें।

नोट- आप किसी भी आकार का ब्रेड लें सकते हैं।
अपने मनपसंद कोई भी ड्राई फ्रूट्स लें सकते हैं।


गाजर का हलवा - Gajar ka Halva

सामग्री                                                                                          
1 किलो बड़ी लाल गाजर
1.5 लीटर फुल क्रीम दूध
15-20 काजू
4-5 इलाइची (पाउडर)
1/2 किलो चीनी
100 ग्राम घी
200 मावा


विधि

गाजर को धो कर छील ले फिर गज़र को कद्दूकस कर ले.
भारी तलेकी कढाई या पतीली में दूध को उबाले, दूध में कद्दूकस करी हुई गाजर डाले.
धीमी आंच पर करीब एक घंटे तक गाज़र को पकाए बीच बीच में चलते रहे नहीं तो नीचे बर्तन में दूध जल के चिपक जायेगा और हलवे का स्वाद ख़राब हो जायेगा.
जब गाजर का दूध सूख जाये. तो गाज़र में चीनी मिला दे. चीनी डाल के पानी सूखने तक पकाए. फिर गैस बंद कर दे.
एक दूसरी कढाई में घी डाल के गरम करे. जब घी गरम हो जाये तो इलाइची डाल दे.
उसमे पका हुआ हलवा डाले के अच्छे से मिला दे धीमी आंच पर 5 मिनट तक भूने. काजू के टुकड़े मिला दे. गैस बंद कर दे. गाजर का हलवा तैयार है.
गरम गरम हलवा परोसे और खाए.

तिल के लड्डू - Til ke Ladoo

सामग्री
· तिल ३०० ग्राम
· गुड़ ३०० ग्राम
· घी २ चम्मच

विधि
भरी तले की कढ़ाई लेकर गरम कीजिये, मीडियम आग पर, लगातार चमचे से चलाते हुये,  तिल को हल्के ब्राउन होने तक भून लीजिये. तिल बहुत जल्द जल जाते हैं, ध्यान रहे कि तिल जले नहीं, जलने पर इनका स्वाद कड़वा हो जायेगा.
गुड़ को तोड़कर छोटे छोटे टुकड़े कर लीजिये.
कढ़ाई में एक चम्मच घी डालकर गरम कीजिये, गुड़ के टुकड़े डालिये और बिलकुल धीमी आग पर गुड़ को पिघला लीजिये, गुड़ पिघलने पर आग तुरन्त बन्द कर दीजिये.
पिघले गुड़ में भुने हुये तिल डालिये और अच्छी तरह मिलाइये. गुड़ तिल के लड्डू बनाने का मिश्रण तैयार है.
हाथ से घी लगाकर चिकना कीजिये, मिश्रण से थोड़ा थोड़ा मिश्रण, लगभग एक टेबल स्पून उठाइये गोल लड्ड बनाकर थाली में लगाइये, सारे मिश्रण से लड्डू बनाकर थाली में लगा लीजिये.हाथ से घी लगाकर चिकना कीजिये,
मिश्रण से थोड़ा थोड़ा मिश्रण, लगभग एक टेबल स्पून उठाइये और गोले बनाइये, लड्डू गरम मिश्रण से ही बनाने पड़ते हैं, मिश्रण ठंडा होने पर जमने लगता है और लड्डू बनाना मुश्किल होता है.
गोल लड्डू बनाकर थाली में लगाइये, सारे मिश्रण से लड्डू बनाकर थाली में लगा लीजिये. तिल गुड़ के लड्डू  तैयार हैं, आप ये स्वादिष्ट लड्डू अभी खा सकते हैं.
तैयार लड्डू को 4-5 घंटे खुले हवा में छोड़ दीजिये, लड्डू खुश्क होने के बाद आप उन्हें एअर टाइट कन्टेनर में भर कर रख लीजिये और जब भी आपका मन करे,
निकालिये खाइये और खिलाइए.

गोंद के लड्डू - Gond ke Ladoo

सामग्री
200 ग्राम गोंद
1 कप आटा
2 कप चीनी
1 कप घी
1 चम्मच खरबूजे का बीज
50 ग्राम बादाम
10 छोटी इलायची


विधि
सबसे पहले गोंद को बारीक तोड़ लीजिये। फिर कढ़ाई में गोंद डाल कर भून लीजिये , सारे गोंद फूल करे बड़े हो जाये, तो उन्हें कढाई से निकल ले.
फिर कढ़ाई में घी डाल कर गरम कीजिये। जब घी गरम हो जाए तब उसमें गोंद डाल कर तल लीजिये , जब यह तल कर फूल जाए तब इसे एक प्लेट में निकाल लीजिये। सारा गोंद इसी तरह से तल कर निकाल लें. अब आटा छानिए और बचे हुये घी में डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून ले। बादाम को छोटा-छोटा काट लें और इलाइची को छीलकर कूट लीजिए. गोंद के ठंडा हो जाने पर उसे थोड़ा और बारीक
कर लें.
कढ़ाई में चीनी और एक कप पानी डालकर चाशनी बनाएं। चाशनी में उबाल आने दें। चाशनी की एक बूंद प्लेट में गिराइए। अब चाशनी को चेक कीजिये कि वह पक कर मोटी हो चुकी है या नहीं पकी हुई चाशनी तुरंत जम जाएगी.
चाशनी में भुना और पिसा हुआ गोंद , भुना हुआ आटा , बादाम और इलाइची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स करे.
अब मिश्रण को थोडा ठंडा होने दे, ठंडा होने पर मिश्रण से छोटे छोटे लड्डू तैयार कर के थाली में रखें.
गोंद के लड्डुओं को एक-दो घंटे खुला ही रखे, आपके लड्डू तैयार हैं इन्हें एयरटाइट डब्बे में भरकर रख दे. जब मन करे तब खाए और खिलाये.

गुजिया - Gujhiya

होली आने ही वाली है वैसे तो होली के त्यौहार में कई तरह के पकवान बनाये जाते हैं, लेकिन गुजिया स्पेशल रूप से बनाया जाता है, बिना गुजिया के होली का रंग फीका पड़ जाता है. गुजिया तो कई तरह के होते हैं, लेकिन विशेष रूप से मावा गुजिया ही बनायी जाती हैं जो मावा(खोवा) और ड्राईफ्रूटस से भरी होती है. आइए जाने मावा गुजिया बनाने की विधि..

सामग्री

आटा गूँथने के लिए

मैदा                   250ग्राम (कप)
घी                     65ग्राम


स्टफिंग (भरावन) के लिए

मावा(खोवा)             200ग्राम
सूजी                     50ग्राम
चीनी                     200ग्राम
नारियल बूरा             50ग्राम
काजू                     25ग्राम(कटे हुए)
किशमिश                25 दाने
चिरौजी                   25ग्राम
इलायची                  4 पीसी हुई
तलने के लिए            तेल

बनाने की विधि -

→सबसे पहले किसी गहरे बर्तन में मैदा छान ले, इसमें घी डालकर अच्छे से मिक्स कर ले, अब पानी की सहायता से कड़ा आटा गूँथ लें, इसे किसी गीले कपड़े से ढककर 30 मिनट के लिए रख दें.
अब मिश्रण तैयार करने के लिए पैन में मावा डालकर हल्का भूरा होने तक भून लें, पैन में 2चम्मच घी डालकर सूजी को हल्का भूरा होने तक भून ले.
किसी बर्तन में सूजी, भुना मावा, पीसी हुई चीनी, सारे ड्राई फ्रुइट्स और इलायची डालकर अच्छी तरह मिला लें, अब भरावन तैयार है.
आटे की छोटी-छोटी गोलियाँ बना लें, इन लोइयों की पतली-पतली पूरियां बेल लें, एक पूरी को गुजिया बनाने वाले सांचे पर रखे, अब एक तरफ 1 या डेढ चम्मच भरावन रखकर चारो किनारे पर पानी लगाकर सांचे को दबा दें, जो आटा बाहर निकल गया है उसे निकाल दें, इसी तरह सारे गुजिया बनाकर तैयार कर लें, आप चाहें तो पूरी को हाथ पर रखकर बीच में भरावन रखकर किनारो को चिपका दें, फिर उगंलियो की मदद से नीचे की तरफ मोड़ते हुए पतले पतले डिजाइन बना लें, बने गुझिया को हल्के भीगे हुए सूती कपड़े से ढक दें.
अब कढ़ाई में तेल गर्म करके 4 से 5 गुजिया एक बार में डालकर धीमी आंच पर दोनो तरफ हल्का सुनहरा होने तक तले, इसी तरह सारे गुजिया तल लें, अब गुजिया को गर्मागर्म सर्व करें या ठंडा करके किसी एयरटाइट डिब्बे में भरकर रख दे, जब आपका मन करें तब खाएं.

सुझाव

  • गुझिया का आटा न ज्यादा गीला और न ज्यादा सख्त होना चाहिए, पूरी के आटे जैसा ही होना चाहिए.
  • गुझिया के किनारों को अच्छे से चिपका दें वरना तेल में जाते ही गुझिया की भरावन फैल जाएगी.

चावल की खीर - Chawal Ki Kheer

खीर भारत का प्रसिद्ध व्यंजन है जिसे हर एक अवसर पर खाना शुभ माना जाता है, खीर बहुत ही स्वादिष्ट और लाज़बाब व्यंजन हैं.                                                                           

सामग्री 

चावल                  60 ग्राम(1/2) कप   
दूध मलाई वाला       1किलोग्राम     
चीनी                   100ग्राम  
काजू कटे हुए         10-12 नग    
किशमिश             15 नग    
मखाना                10 नग 
बादाम                 8 नग
इलायची               4 नग
केसर                  1चुटकी                

बनाने की विधि          

→सबसे पहले चावल को धोकर आधे घंटे के लिए रख दे.

अब दूध को उबालने के लिए रख दे, जब दूध मे उबाल आने लगें तब उसमें चावल डाल दे. 2 से 4 मिनट के अन्तराल पर चलाते रहे.

जब चावल आधे पक जाए तो उसमें मेवे (मखाना,किशमिश,केसर) डाल दें, इसे धीमी आँच पर पकने दें और बीच-बीच मे चलाते रहे.

जब चावल पूरी तरह से पक जाए और दूध गाढी होकर चावल मे अच्छी तरह मिक्स हो जाए तो उसमें चीनी भी डाल दें. अब इसे 2 मिनट और पकाए, गैस बन्द कर दें.

इसमें पिसी इलायची ऊपर से डाल दें, अब आप का खीर बन कर तैयार है, इसे कटोरी मे निकाल कर ऊपर से  बादाम ,काजू के टुकड़े डाल कर गर्मा गर्म परोसे.