चौलाई का साग Chaulai Ka Saag

चौलाई को अमरनाथ नाम से भी जाना जाता है। चौलाई में आयरन और विटामिन प्रचुर मात्रा में पाया जाता है जो स्वास्थ्य के लिए बहुत ही फायदेमंद है। इसलिए चौलाई साग को अपने भोजन में जरुर शामिल करना चाहिए। आज हम चौलाई का साग बनायेंगे, जो बहुत ही पौष्टिक व स्वादिष्ट लगता है। तो चलिए शुरु करे....

सामग्री    Ingredients
250 ग्राम चौलाई
2 प्याज मध्यम आकार के
4 कली लहसुन
1/2 इंच अदरक का टुकड़ा
2 हरी मिर्च
1 साबुत लाल मिर्च
1/2 टीस्पून मेथी
स्वादानुसार नमक
1 टेबल स्पून तेल

बनाने की विधि   Method
सबसे पहले चौलाई को साफ करके इसकी मोटी डंडी हटा कर नरम भाजी ही लें। अच्छी तरह से धोकर अलग रख लें।

अब प्याज को पतला - पतला काट लें। लहसुन व हरी मिर्च को भी बारीक काट लें। अदरक को कुचल लें।

चौलाई का पानी निथार कर बारीक काट लें।

कड़ाही में तेल डालकर गर्म करें। इसमें मेथी डालकर चटकाए। इसमें लहसुन डालकर हल्का सुनहरा होने दें। अब इसमें हरी मिर्च अदरक डालकर भूनें इसमें लाल मिर्च भी तोड़कर डाल दें। इसमें प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें। अब इसमें कटी हुई चौलाई और नमक डालकर अच्छी तरह से मिलाकर ढककर धीमी आँच पर 10 मिनट तक पकने दें।
जब चौलाई पानी छोड़ दें और साग थोड़ा नरम हो जाये तब ढक्कन खोल दें व आँच तेज करके पानी सूखने तक पकाएँ।

सुझाव- साग में नमक कम ही डाले क्योंकि चौलाई क्षारीय (नमकीन) होता है।

कुरकुरी भिन्डी Kurkuri Bhindi

भिन्डी हमारे हेल्थ के लिए बहुत ही फायदेमंद है, लेकिन कुछ लोग इसे पसंद नहीं करते हैं कारण है इसका चिपचिपापन। लेकिन आज हम कुरकुरी भिन्डी बनायेगें जिसे हर कोई खाना चाहेगा। यह बहुत ही स्वादिष्ट लगती हैं। चलिये शुरु करें कुरकुरी भिन्डी बनाना......

सामग्री  Ingredient

250 ग्राम भिन्डी
4 टेबल स्पून बेसन
1/4 टीस्पून हल्दी
1/2 टीस्पून धनिया पाउडर
1/4 टीस्पून गरम मसाला
1/2 टीस्पून अमचूर पाउडर
1/2 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर
स्वादानुसार नमक
तेल

बनाने की विधि  Method

सबसे पहले भिन्डी को अच्छी तरह से धोकर कपड़े से पोंछ कर सुखा लें।

अब भिन्डी के ऊपर और नीचे की तरफ से थोड़ा सा काटकर हटा दें। भिन्डी को लम्बाई बीच में से दो टुकड़े में काट लें। अब एक भाग को चार पतले-पतले टुकड़े में काट लें। भिन्डी का बीज निकाल दें।

किसी गहरे बर्तन में भिन्डी, बेसन, अमचूर पाउडर और सारे मसाले और नमक डालकर अच्छी तरह से मिला लें। बेसन भिन्डी के ऊपर अच्छी तरह से कोट हो जाना चाहिए। इसे 30मिनट के लिए ढककर रख दें।

अब पैन में तेल डालकर गर्म करें इसमें भिन्डी डाल दें। जितनी भिन्डी आराम से आ सके उतनी ही डाले। आँच को मीडियम कर दें। भिन्डी को एक तरफ से सुनहरा होने के बाद दूसरी तरफ पलट दें। कुरकुरी होने तक भिन्डी तलें।

इसी तरह से बाकी बचे भिन्डी को भी तल लें।

आपकी कुरकुरी भिन्डी बनकर तैयार है। आप इसे दाल चावल के साथ साइड डिश के रुप में परोस सकते हैं या वैसे ही चाय के साथ स्नैक्स के रूप में खा सकते हैं।

सुझाव- भिन्डी तलते वक्त तेल पूरी तरह से गर्म होना चाहिए। तेल कम गरम होने पर भिन्डी ज्यादा तेल सोख लेती है।

भिन्डी को मीडियम व कम आँच पर ही तलें तभी भिन्डी कुरकुरे बनेगें।

अगर कम तेल खाना चाहते हैं तो, इसे सैलो फ्राइ करें।