इमली की मीठी चटनी - Imli ki Chatni

इमली की मीठी चटनी हर किसी को पसंद आती है। इटली की चटनी के साथ कचौड़ी, समोसे, दही बड़े
हर तरह की चाट में और हर तरह के स्नैक्स का स्वाद बढ़ जाता है। इसे पराठा या पूरी के साथ खाया जा सकता है। आइये इमली की मीठी चटनी बनाना शुरू करे...
1/2कप (100 ग्राम) पकी इमली
1/2 कप (100 ग्राम)चीनी या गुड़
1/2 छोटी चम्मच सादा नमक
3/4 छोटी चम्मच काला नमक
5-6 छुआरे( बारीक लम्बे कतरे हुए) यदि आप चाहें
2 बड़े चम्मच किशमिश
1/4 छोटी चम्मच लाल मिर्च
1/2 छोटी चम्मच गरम मसाला
2 छोटी इलायची ( छील कर पीस लें) 

बनाने की विधि

सबसे पहले इमली को 1 कप पानी डालकर रात भर भिगो दीजिए। अब इसे उबालिए मैस कीजिए और छान लीजिये। इमली का पेस्ट तैयार है।
एक बर्तन में इमली का पेस्ट, चीनी या गुड़  और 1/2 कप
पानी मिला लीजिये। अब इमली और चीनी के घोल को
छान कर, गैस पर उबालने के लिये रख दीजिये, घोल में
उबाल आने के बाद किशमिश और छुआरे डाल दीजिये।
घोल को गाढ़ा होने तक धीमी आग पर उबलने दीजिये,
थोड़ी थोड़ी देर में कलछी से चलाते रहिये, ताकि वह तले में न लगे।
इमली के गाढ़े घोल में नमक, लाल मिर्च और गरम मसाला मिला कर 2 मिनिट और पका दीजिये,  आग बन्द कर  दीजिये।
मीठी चटनी में पीसी हुई इलाइची मिला दीजिये।
इमली की मीठी चटनी तैयार है।
इमली की मीठी चटनी को दहीवड़ा या किसी भी चाट या परांठे के साथ खा सकते हैं।
इमली की मीठी चटनी को किसी डिब्बे में भर कर
फ्रीज में रख दीजिये और 1 साल तक प्रयोग कीजिये।

भिन्डी-आलू फ्राई - Bhindi Aaloo Fry

घर में अक्सर थोड़ी बहुत भिन्डी बच ही जाती है, तो क्यों न इसमें आलू डालकर भिन्डी आलू फ्राई बना लिया जाये? इसमें थोड़े से मसाले और अमचूर डालने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है। तो चलिए शुरू करें भिन्डी आलू बनाना...
सामग्री
250 ग्राम भिन्डी
1-2 आलू
1 प्याज पतले स्लाइस में कटा हुआ
2-3 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
2 कली लहसुन बारीक कटा हुआ
1/4 टीस्पून मेथी
1/2 टीस्पून हल्दी पाउडर
1/4 टीस्पून से भी कम लाल मिर्च पाउडर
1/2 टीस्पून अमचूर
1/4 टीस्पून गरम मसाला
स्वादानुसार नमक
बनाने की विधि
सबसे पहले भिन्डी को धोकर कपड़े से पोंछ कर सुखा लें। भिन्डी को छोटे-छोटे गोल टुकड़ों में काट लें।
आलू को भी छोटे छोटे टुकड़ों में काट लें।
अब पैन में तेल गर्म करें इसमें मेथी डालकर चटकाए फिर लहसुन डालकर भूनें फिर हरी मिर्च डालकर भूनें। अब इसमें आलू डालकर 2 मिनट भूनें। अब आलू को ढककर 4-5 मिनट पकाएँ।
अब इसमें भिन्डी और प्याज डालकर 5 मिनट तक भूनें। फिर इसमें हल्दी, अमचूर,लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और नमक डालकर भूनें।
फिर इसे ढककर भिन्डी के गलने तक धीमी आँच पर पकाएँ।
अन्त में हरा धनिया डालकर गैस बन्द कर दें।
भिन्डी आलू फ्राई सब्जी तैयार है। आप इसे रोटी, पराठा या दाल चावल के साथ सर्व करें।